संगरूर |पंजाब सरकार की ओर से भूमिगत जलस्तर के लगातार नीचे जाने के मद्देनजर फैसला किया गया है कि इस बार किसान धान की पनीरी की बिजाई 20 मई के बाद करें। जिला खेतीबाड़ी अधिकारी डॉ. जसविंदर पाल सिंह ग्रेवाल ने बताया कि पंजाब सरकार ने नोटिफिकेशन जारी किया है कि धान की ऐसी किस्मों की बिजाई की जाए जिससे की कम समय व पानी लगता हो। उन्होंने किसानों को गैर प्रमाणित किस्मों की पनीरी न बीजने की सलाह दी है, क्योंकि इन किस्मों द्वारा आने वाले समय में दिक्कत आ सकती है। इन फसलों को बीजने में काफी खर्चा होता है व रोग भी लग सकते है। उन्होंने बताया कि पीएयू द्वारा प्रमाणित किस्में पीआर 126, पीआर 127, पीआर 124, पीआर 121, पीआर 122 को ही बीजा जाए। ये किस्में कम समय में पक जाती है। पूसा 44 व पीली पूसा की किस्मों की बिल्कुल भी बिजाई न की जाए। क्योंकि इन किस्मों को बीजने में ज्यादा पानी व ज्यादा समय लगता है।