35 से 40 लाख पंजाबी किसी न किसी रूप में तंबाकू का सेवन कर रहे : सिंगला
संगरूर में बैठक को संबोधित करते डॉ. मनजीत सिंह और डॉ सुरिंदर सिंगला।
भास्कर संवाददाता| संगरूर
जिले के समूह मेडिकल अधिकारियों की बैठक सिविल सर्जन डाॅ. मनजीत सिंह की अगुवाई में हुई। इसमें डॉ. मनजीत सिंह ने कहा कि तंबाकू के कारण कैंसर के साथ-साथ दिल की बीमारी, सांस की बीमारी, निमोनिया, नपुंसकता, बार-बार गर्भपात, मरे हुए बच्चे का जन्म, दिमागी बीमारियां आदि होने का खतरा बना रहता है। जिला नोडल अधिकारी तंबाकू कंट्रोल सैल कम सहायक सिविल सर्जन डॉ. सुरिंदर सिंगला ने कहा कि जिले में कोटपा एक्ट की उल्लंघना करने वालों के लगातार चालान काटे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मार्च 2018 तक जिला संगरूर में 9355 चालान काटकर 5 लाख 16 हजार 565 रुपये जुर्माना वसूल किया गया है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में पंजाब में 12 से 15 प्रतिशत पंजाबी तंबाकू की जकड़ में है व 35 से 40 लाख पंजाबी किसी न किसी रूप में तंबाकू का सेवन कर रहे है। उन्होंने कहा कि पूरे भारत में रोजाना 3500 लोगों की मौत तंबाकू के कारण ही हो रही है।