कर्मियों ने 45 मिनट लालबत्ती चौक किया जाम
मनरेगा अधीन एपीओ के पद पर काम कर रही सदस्य को नौकरी से हटाए जाने के विरोध में मनरेगा कर्मचारी यूनियन का रोष थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को यूनियन सदस्यों ने शहर में रोष मार्च कर लालबत्ती चौक में सरकार के झूठे वादों की गठड़ी को फूंका। इस दौरान गुस्साए सदस्यों ने लालबत्ती चौक में धरना देकर करीब 45 मिनट तक यातायात को ठप रखा। शहर का सबसे अधिक भीड़भाड़ वाला मुख्य चौक जाम पड़ने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी है। हालांकि स्कूली बसों को सदस्यों ने नहीं रोका परंतु चौक के साथ बस स्टैंड होने के कारण चौक से बसों को नहीं निकलने दिया। जिस कारण यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ी है। रोष धरने के संबोधित करते हुए मनरेगा कर्मचारी यूनियन के राज्य प्रधान रणधीर सिंह धीमान व जिला प्रधान संजीव कुमार काकड़ा ने कहा कि प्रशासन की ओर से पिछले लंबे समय से मनरेगा के अधीन एपीओ के पद पर काम कर रही जसवीर कौर को नौकरी से निकाल दिया गया। जिसे बहाल करवाने के लिए मनरेगा कर्मचारी पिछले 8 दिन से संघर्ष कर रहे है। इस संबंध में एडीसी विकास को कई बार ज्ञापन भी सौंपा गया। परंतु प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। 15 मई को शहर में रोष मार्च कर कैबिनेट मंत्री विजय इन्दर सिंगला निवास के समक्ष धरना भी दिया गया था। चेतावनी दी कि यदि जसवीर कौर को तुरंत बहाल न किया गया और उनकी मांगों को जल्द कबूल न किया गया तो संघर्ष को तेज किया जाएगा। इस मौके पर जीवन कुमार, तेजवरिंदर सिंह, अमनदीप सिंह, जगतार सिंह, जसवीर सिंह, राजविंदर सिंह, जसप्रीत सिंह , सोनू कुमार, रमनदीप कौर, मंजू रानी आदि उपस्थित थे।
संगरूर के लालबत्ती चौक में धरना देकर यातायात जाम करते यूनियन सदस्य।