भास्कर संवाददाता | भादसोड़ा
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मंडफिया (सांवलियाजी) के डॉक्टर अभय बसेरा के साथ शुक्रवार को अज्ञात लोगों ने मारपीट की व कपड़े आदि फाड़ दिए। इस संबंध में डॉ. बसेरा ने भादसोड़ा पुलिस थाने में मारपीट का मामला दर्ज करवाया है।
भादसोड़ा पुलिस के अनुसार सांवलियाजी सीएचसी के डॉक्टर अभय बसेरा ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दी कि शुक्रवार रात को वे सीएचसी परिसर स्थित उनके क्वाटर पर सो रहे थे। रात करीब 2.30 बजे तीन व्यक्तियों ने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खटखटाने पर डॉक्टर ने मरीज जानकर गेट खोले तो तीनों लोगों ने डॉक्टर को उन्हीं के कमरे में बंद कर मारपीट करना शुरू कर दी व कपड़े वगैरा फाड़ दिए गए। घटना के समय लाइट बंद थी इस वजह से डॉक्टर अभय बसेरा किसी को पहचान नहीं पाए। उन्होंने बताया कि मारपीट के दौरान एक व्यक्ति बार-बार कह रहा था कि वो बच जाती, लेकिन तूने रैफर करने में देर कर दी। मारपीट के बाद तीनों व्यक्ति वहां से भाग गए। पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
संदेह...गुडली, मंगलवाड़ क्षेत्र के हमलावर
डॉ. बसेरा ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 11.15 बजे मंगलवाड़ क्षेत्र एक एक्सीडेंट केस आया था, जिसमें 8 महिलाएं व व्यक्ति को सीएचसी लाया गया। जिनका प्राथमिक उपचार कर 6 व्यक्तियों को चित्तौडगढ के लिए रैफर किया गया था। जिन लोगों का उपचार किया गया वह गुडली, पीपलखेड़ी व मंगलवाड़ क्षेत्र के लोग थे। डॉक्टर बसेरा ने आशंका जताई कि मारपीट करने वाले व्यक्ति उन्हीं के परिजन हो सकते हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।