सपोटरा के फुटवीयर गोदाम में चोरी, 10 दिन में दूसरी घटना
उपखंड मुख्यालय पर पुलिस की प्रभावी गश्त नहीं होने के कारण शुक्रवार की रात्रि को मोड़ स्थित एक शूज के गोदाम से अज्ञात चोर जूते,चप्पल चुराकर ले गये।
पीड़ित गणेश प्रसाद शर्मा निवासी इनायती ने बताया कि शुक्रवार को शाम 7:30 बजे सपोटरा मोड़ स्थित शूज की दुकान व गोदाम की शटर का ताला लगाकर अपने गांव चला गया था। शनिवार को प्रात: 6 बजे पड़ोसियों द्वारा दुकान का ताला टूटने की सूचना दी गई, जिस पर गोदाम को खोलने पर उसमें रखी करीब 15-20 जोड़ी जूते-चप्पल अज्ञात चोर चुराकर ले गए तथा डिब्बों को रास्ते फेंक गए। घटना की सूचना मिलने पर एएसआई राजेन्द्र सिंह व रामनिवास मय पुलिस मौके पर पहुंचे तथा घटना का जायजा लिया गया। उल्लेखनीय है कि 3 अप्रैल की रात्रि को तहसील के पास स्थित एक रेडिमेड की दुकान से भी चोर करीब डेढ़ लाख रुपए का सामान चुराकर ले गए थे।
कस्बेवासियों ने आरोप लगाया कि रात्रि को पुलिस की प्रभावी गश्त नहीं होने से कस्बे में चोरी की घटनाओं में इजाफा हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस चोरी का खुलासा करना तो दूर चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने में नाकाम सिद्ध हो रही है। जिससे व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है।