अपराधों पर अंकुश न लगा तो सीएम के दौरे का विरोध करेगी कांग्रेस
उपखंड में बढ़ रहे अपराधों पर नियंत्रण नहीं होने के विरोध में रविवार को उपनेता प्रतिपक्ष व विधायक रमेशचंद मीणा के नेतृत्व में व्यापारियों व ग्रामीणों का शिष्टमंडल उपजिला कलेक्टर राजपाल सिंह यादव से मिला तथा चोरी,बलात्कार,लूट तथा स्मैक के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की मांग की गई। अन्यथा मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के करौली दौरे में विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दी।
विधायक ने बताया कि क्षेत्र में पुलिस की प्रभावी गश्त नहीं हाेने के कारण चार माह में ही 9 चोरी की वारदाते हो चुकी है। पुलिस चोरी की वारदातों का खुलासा करना तो दूर अंकुश तक नहीं लगा पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की मिलीभगत से क्षेत्र में बलात्कार, चोरी, मारपीट, लूट, जमीनों पर कब्जा, शराब व स्मैक का अवैध कारोबार में इजाफा हो रहा है। दूसरी ओर पीड़ितों को शिकायत के बावजूद न्याय मिलना तो दूर उनकी एफआईआर तक दर्ज नहीं कर जांच के बहाने मामले को रफा-दफा कर दिया जाता है। इधर,सड़कों पर अवैध रूप से चलने वाले ओवरलोड वाहनों से आए दिन होने वाली दुर्घटना व जाम से क्षेत्र की जनता आहत है।
उपनेता प्रतिपक्ष रमेशचंद मीणा ने उपजिला कलेक्टर राजपाल सिंह को ज्ञापन सौंपकर 20 अप्रेल तक चोरी की वारदातों का पुलिस द्वारा खुलासा नहीं करने पर मुख्यमंत्री के करौली दौरे के दौरान विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई। उन्होंने सीएम से मिलकर संपूर्ण स्टाफ को बदलने की मांग रखने का ग्रामीणों को आश्वासन दिया। इस दौरान चेयरमैन सुरेश चंद मीणा,पूर्व सरपंच प्रेमराज मीणा,वस्त्र व्यापार संघ के ओमप्रकाश खावदा,विजय र|ापुरा,श्यामलाल गुप्ता,शिवकुमार चौधरी,विजय र|ापुरा, चंद्रप्रकाश मीणा सहित कई सरपंच,व्यापारी व ग्रामीण उपस्थित थे।
सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए 5 लाख की देने घोषणा
विधायक रमेशचंद मीणा ने व्यापारियों की मांग पर कस्बे में चोरी व अन्य अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के लिए पांच लाख रुपए की घोषणा की गई। दूसरी ओर उन्होंने पंचायत समिति को जिम्मेदारी सौंपकर उपजिला कलेक्टर कार्यालय व व्यापार संघ कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा कैमरा स्थापन का स्थान निर्धारण की एसडीएम को जिम्मेदारी दी गई।
सपोटरा. आपराधिक वारदातों पर अंकुश के लिए रविवार को उपजिला कलेक्टर को ज्ञापन देते उपनेता प्रतिपक्ष व विधायक रमेशचंद मीणा।
मौका मुआयना कर चोरी की वारदातों की जानकारी ली
विधायक रमेशचंद मीणा ने पुलिस निरीक्षक बृजेन्द्र यादव पर करौली व सवाई माधोपुर सीमा पर स्थित हाड़ौती क्षेत्र की बनास नदी से सर्वोच्च न्यायालय की रोक के बावजूद बजरी के अवैध खनन व परिवहन को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया। उन्होंने कहा कि हाड़ौती, नारौली डांग, सपोटरा, कुडगांव, कैलादेवी पुलिस शाम ढलते ही गश्त की बहानेबाजी से बजरी से भरे ओवरलोड वाहनों से देर रात तक अवैध वसूली करने में मशगूल रहते है। इसके कारण क्षेत्र में अपराधों पर लगाम नहीं लग रहा है। उन्होंने जिला पुलिस पर आरोप लगाया कि पुलिस की संदिग्ध कार्यप्रणाली के कारण जिले में अपराधों में बढ़ोतरी होने से आमजन न तो सुरक्षित है और न ही पीड़ितों को न्याय मिल पा रहा है। पुलिस संसाधनों की कमी होने की बहानेबाजी कर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रही है। इससे पूर्व विधायक ने कस्बे में गत दिनों रेडीमेड कपड़े की दुकान व शूज़ स्टोर में हुई चोरी की वारदात का जायजा लिया गया।
सपोटरा. कस्बे के मोड़ पर एक दुकान में में हुई चोरी की घटना का जायजा लेते विधायक।