पंचायत समिति की ग्राम पंचायतों के सरपंचों का एक शिष्टमंडल संघ के अध्यक्ष घनश्याम लूलौज के नेतृत्व में विकास अधिकारी अजीत सिंह सहरिया से मिला तथा सहायक अभियंता कृष्णगोपाल शर्मा पर निर्माण कार्यों का समय पर मूल्यांकन नहीं कर मनमाने ढंग से विकास कार्य अवरूद्ध करने के साथ खुलेआम कमीशन मांगने का आरोप लगाकर पंचायतराज विभाग के शासन सचिव व कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर कार्यवाही की मांग की गई। अन्यथा आंदोलनात्मक कार्यवाही करने की चेतावनी दी गई।
सरपंच संघ अध्यक्ष घनश्याम लूलौज ने बताया कि पंचायत समिति सपोटरा में कार्यरत सहायक अभियंता कृष्णगोपाल शर्मा को पंचायत समिति में प्रतिनियुक्ति पर लगा रखा है। जिनके द्वारा टीएस तकमीना बनाने तथा निर्माण कार्यों के मूल्यांकन करने की दुकान लगाकर मनमानी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एईएन द्वारा सरपंचों व सचिवों से निर्माण कार्यों के इस्टीमेट तथा अपना काम अपना खेत के तकमीना बनाने के लिए 300-300 रुपए भूमि धारकों से वसूल किये जा रहे हैं। दूसरी ओर मनरेगा कार्यों के भुगतान की कार्यवाही पर एक प्रतिशत राशि कमीशन मांगी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरपंच व सचिवों पर दबाव डालकर एईएन द्वारा अन्य स्कीमों की एमबी जारी करने के लिए 4 प्रतिशत राशि कमीशन की मांगी जा रही है। सरपंचों व सचिवों द्वारा कार्यों का मूल्यांकन व सीसी जारी करने के लिए कमीशन नहीं देने पर उनको बहानेबाजी से टरकाया जा रहा है। दूसरी ओर एईएन द्वारा कार्यालय में नहीं बैठकर घर पर कमीशन की दुकान खोल रखी है।
जिला परिषद को बताया
पंचायत समिति के विकास अधिकारी अजीतसिंह सहरिया ने बताया कि सरपंचों द्वारा सहायक अभियंता की लगातार समय पर कार्य व मूल्यांकन नहीं करने तथा सीसी आदि के लिए कमीशनखोरी का आरोप लगाया है। जिसकी जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को अवगत कराते हुए सरपंचों की मूल शिकायत कार्यवाही के लिए भेज दी गई है।
शिकायत निराधार
पंचायत समिति के सहायक अभियंता कृष्णगोपाल शर्मा ने बताया कि पंचायत समिति की एक कार्यकारी एजेंसी द्वारा निर्माण कार्यों का बिना मौका देखकर सीसी जारी करने का दबाव बनाया जा रहा है। जिनको मौका देखकर सीसी जारी करने की कहने पर रंजिशवश आरोप लगाया जा रहा है।