कुड़गांव | ग्राम पंचायत के कई गांवों में सरकार की ओर से पेयजल मुहैया कराने के उद्देश्य से गोकलपुर गांव के पास बोरिंग लगवाई गई, लेकिन जलदाय विभाग की लापरवाही के चलते 1 वर्ष से टूटी पड़ी पाइप लाइन को ठीक नहीं करने से गांवों में पेयजल संकट गहराया हुआ है। जिससे ग्रामीणों को खासी परेशानी होने के साथ जलदाय विभाग के प्रति आक्रोश बना हुआ है।
सरपंच सुरेंद्र बैरवा,पूर्व सरपंच गिर्राज प्रसाद मीणा व वार्ड पंच नवल सिंह जाट आदि ने बताया कि कई वर्ष पूर्व गोकलपुर गांव के पास गोकलपुर,नयावास व आसपास के गांवों में सरकार की ओर से थ्री फेस बोरिंग लगवा कर विद्युत कनेक्शन करवाया गया और पेयजल सप्लाई के लिए कई किलोमीटर दूरी की पाइप लाइन डलवाकर पेयजल सप्लाई शुरू करवाई गई थी,लेकिन पाइप लाइन कई जगह से टूटी पड़ी हुई है। जिससे हजारों लीटर पानी बह रहा है। सरपंच बैरवा ने आंदोलन की चेतावनी देते हुए बताया कि नयावास,गोकलपुर,गुर्जर की ढाणी व बैरवा बस्ती आदि गांवों में गर्मी के इस दौर में पेयजल संकट गहराया हुआ है और जलदाय विभाग की बोरिंग होते हुए भी ग्रामीणों को पेयजल समस्या से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस बारे में कई बार कनिष्ठ अभियंता व सहायक अभियंता जलदाय विभाग सपोटरा को अवगत करा दिया मगर अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। ग्रामीण व जनप्रतिनिधियों ने बताया महिलाएं अपने सिर पर बर्तनों को रखकर मीलों दूर से पानी लाती हैं।