जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की उदासीनता से क्षेत्र की 23 ग्राम पंचायतों में ग्रीष्म ऋतु के दौरान टैंकरों से पेयजल परिवहन की वार्षिक दरें अनुबंध पर नहीं होने के कारण कई पंचायतों में व्याप्त पेयजल किल्लत का निस्तारण नहीं होने से लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा उपखंड में मौसम विभाग की चेतावनी अथवा आंधी-तूफान आदि के साथ ग्रीष्म ऋतु एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं को मद्देनजर रखते हुए क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में टैंकर पेयजल परिवहन की वार्षिक दरें अनुबंध पर कराई जाती है। लेकिन विभाग ने ग्राम पंचायत अमरगढ़, अमरवाड़, औड़च, बगीदा, बाजना, बालौती, बड़ौदा गजराजपाल, भरतून, बूकना, चौड़ागांव, एकट, गज्जूपुरा, गोठरा, हाड़ौती,जाखोदा, जीरोता, जोड़ली, कालागुड़ा, खेड़ला, नारौली डांग, सपोटरा, लूलौज तथा डिकोली कलां में टैंकरों से पेयजल परिवहन के लिए वार्षिक दरें अनुबंध जारी नहीं करने के कारण पंचायतों में व्याप्त पेयजल संकट का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। जिसके कारण डांग क्षेत्र की ग्राम पंचायत अमरगढ़ में ग्रामीणों द्वारा उपजिला कलेक्टर को टैंकरों से पेयजल आपूर्ति की मांग प्राप्त होने के बावजूद भी उक्त पंचायत में अनुबंध नहीं होने के कारण प्रशासन पेयजल उपलब्ध कराने में असमर्थता जाहिर कर रहा है। इधर,ग्रामीण हटिया की,बंगला की आदि गांवों में पानी की किल्लत से निजात पाने के लिए उच्चाधिकारियों के पास दर-दर भटकने के बावजूद व्यवस्था नहीं होने के कारण आक्रोशित है। इस बारे में उपजिला कलेक्टर राजपाल सिंह यादव ने बताया कि उपखंड क्षेत्र की वंचित ग्राम पंचायतों में यथाशीघ्र पेयजल परिवहन की दरें अनुमोदित कराने के लिए विभाग के अधिशाषी अभियंता को पाबंध किया गया है।