झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सहित कुल 9 के खिलाफ केस दर्ज
सरायकेला| सरायकेला नगर पंचायत चुनाव को लेकर रविवार की रात प्रत्याशी-कार्यकर्ताओं के बीच हुए हाथापाई व भाजपा जिलाध्यक्ष के बॉडीगार्ड से हथियार छीनने के मामले में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सहित कुल 9 के खिलाफ सरायकेला थाना में मामला दर्ज कराया गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंहदेव द्वारा की गई शिकायत के आधार पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, उपाध्यक्ष अक्षय मंडल, जिला उपाध्यक्ष सानंद आचार्य, नगर अध्यक्ष शंभू आचार्य, शहजाद आलम, लिपू महंती, दिनेश साथुआ, बड़बाबू सिंहदेव एवं राहुल पंडित के खिलाफ भादवि की धारा 147/ 149/ 341/ 323/ 171 बी/ 171 ए/ 379/ 511 सहित झारखंड म्यूनिसिपल एक्ट 586/ 2011 की धारा 123 ए एवं रिप्रजेंटेटिव ऑफ पब्लिक 1951 की धारा के तहत मामला दर्ज कराया गया है। इस संबंध में उदय ने बताया है कि जमशेदपुर से लौटने के क्रम में उन्हें सूचना मिली कि पोस्ट ऑफिस रोड ठेठरी साई में झामुमो समर्थित अध्यक्ष पद की प्रत्याशी अरुणिमा सिंहदेव एवं उनके पति राजा प्रताप आदित्य सिंहदेव व उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी मनोज कुमार चौधरी द्वारा मतदाताओं के बीच पैसा बांटा जा रहा है।