ग्राम स्वराज अभियान के तहत जल सहियाओं को किया जागरूक
कार्यशाला का उद्घाटन करते सांसद कड़िया मुंडा, डीसी छवि रंजन एवं डीडीसी।
भास्कर न्यूज |सरायकेला
ग्राम स्वराज अभियान 2018 के अंतर्गत स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम में बुधवार को सामुदायिक भवन में मुखिया तथा जल सहियाओं के लिए जागरूकता कार्यशाला हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद करिया मुंडा, डीसी छवि रंजन एवं डीडीसी आकांक्षा रंजन ने दीप जलाकर किया। इस अवसर संसद करिया मुंडा ने कहा कि परिवार साफ-सुथरा रहेगा तो गांव भी साफ सुथरा रहेगा और गांव साफ सुथरा रहेगा तो पूरा समाज भी स्वच्छ बना रहेगा। जितना स्वच्छ हम होंगे, बीमारी एवं संक्रमण से हम उतना ही दूर रह पाएंगे। कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि स्वच्छता को एक मिशन के रूप में ले। अपने परिवार से शुरू होकर गांव-मोहल्ले एवं पूरे समाज में जागरूकता फैलाएं। गांव में रहने वाले लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम में डीसी छवि रंजन ने कहा कि अगला मिशन राजनगर, गम्हरिया एवं कुकड़ू प्रखंड है। जिन्हें ओडीएफ करना है। इसके लिए मुखिया एवं अन्य पंचायत प्रतिनिधियों को सहयोग करना होगा। अपने आसपास के कम से कम 5 परिवारों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम में गम्हरिया एवं राजनगर प्रखंड की जल सहियाओं को साड़ी प्रदान कर सम्मानित किया गया।