काउंटिंग के दौरान सरायकेला नगर पंचायत के 11 टेबल लगेंगे
नगर निकाय चुनाव में सरायकेला नगर पंचायत, आदित्यपुर नगर निगम तथा कपाली नगर परिषद की मतगणना 21 अप्रैल को सुबह 8 बजे से प्रारंभ होगी। मतगणना में 206 कर्मी तथा 103 मतगणना पर्यवेक्षक भाग लेंगे। मतगणना के पूर्व काशी साहू कॉलेज में बने स्ट्रांग रूम को पार्टीशन का काम चल रहा है। सरायकेला नगर पंचायत की मतगणना के लिए कुल 11 टेबल लगाए जा रहे हैं, जिसमें एक राउंड में ही परिणाम आ जाएंगे। जबकि आदित्यपुर नगर निगम के लिए 14 टेबल लगाए जा रहे हैं, जिसमें 8 राउंड की गिनती के बाद परिणाम आने की संभावना है। इसी प्रकार कपाली नगर परिषद में भी 14 टेबल लगाए जा रहे हैं। जिसमें 2 राउंड गिनती होगी। सरायकेला नगर पंचायत में वोटों की गिनती के समय रुझान का अनाउंसमेंट होने का अवसर नहीं मिल पाएगा। क्योंकि पूरी गिनती एक ही राउंड में समाप्त होगी। यानी सुबह 9 बजे तक सरायकेला नगर पंचायत में सभी पदों की गिनती के पश्चात परिणाम आने की संभावना बताई जा रही है। जबकि सुबह 10 बजे तक कपाली नगर परिषद एवं पूर्वाह्न 11 बजे तक आदित्यपुर नगर निगम के परिणाम आने की संभावना है।