विधायक साधु चरण महतो जेल से निकले, शहर में निकाला जुलूस
भाजपा विधायक साधु चरण महतो मंगलवार को सरायकेला जेल से निकल गए। पिछले दिन उच्च न्यायालय से उन्हें जमानत मिली थी। लेकिन चिकित्सीय कस्टडी में रहने के कारण मंगलवार की सुबह 11 बजे के आसपास सीधे टीएमएच से सरायकेला जेल पहुंचे, जहां रिलीज प्रक्रिया के उपरांत लगभग 15-20 मिनट बाद जेल से विधिवत बाहर निकले। जेल के गेट पर खड़े भाजपा जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंहदेव व सैकड़ों भाजपाइयों ने उन्हें माल्यार्पण कर स्वागत किया। विधायक साधु चरण महतो ने कहा की सरकारी पदाधिकारी काम से मतलब रखें व अपना वेतन लें। राजनीति नहीं करें। कमीशन के चक्कर में रहें। उन्होंने कहा कि जब एक विधायक को यहां के प्रशासनिक पदाधिकारी जेल के अंदर पहुंचा सकता है तो आम लोगों के साथ भी इस तरह की घटना हो सकती है। उन्होंने कहा कि इस मसले पर आगे रणनीति बनाकर कार्य किया जाएगा।
जुलूस के दौरान विधायक साधु चरण महतो, जिला अध्यक्ष उदय प्रताप व अन्य।
गाजे-बाजे के साथ किया गया स्वागत
गाजे-बाजे के साथ जुलूस निकाला। जुलूस नगर के जेल रोड से होते हुए पटनायक टोला एवं बस स्टैंड तक पहुंचा, जहां से मुख्य सड़क से होते हुए आदित्यपुर के लिए रवाना हुआ। जानकारी हो कि पिछले 22 फरवरी को नीमडीह प्रखंड में एनएच 32 के विस्तारीकरण में रैयतों के बीच मुआवजा वितरण किया जा रहा था। इस दौरान जिला भू-अर्जन पदाधिकारी दीपू कुमार व विधायक साधु महतो के बीच झड़प हुई थी। इसमें जिला भू-अर्जन पदाधिकारी द्वारा विधायक साधु महतो पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।