सरायकेला| मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को शत प्रतिशत सफल बनाने के लिए जिले के सभी राजनीतिक पार्टियों का सहयोग लिया जाएगा। इस कार्यक्रम को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए सोमवार को भाजपा, कांग्रेस एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा समेत अन्य दलों के प्रतिनिधियों के साथ डीसी छवि रंजन ने एक बैठक की। बैठक में डीसी ने सभी राजनीतिक पार्टी के जिला अध्यक्ष एवं प्रतिनिधियों से कहा कि 23 मई से 25 जून तक डोर टू डोर मतदाता सूची वेरिफिकेशन काम चलेगा। इसमें बीएलओ सभी घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन कार्य करेंगे। इस अभियान में एक भी वोटर छूटने न पाए इसके लिए राजनीतिक दल भी सहयोग करें। लोगों का सही आंकड़ा बने। बैठक में जिला योजना पदाधिकारी सुरेश राय, एसडीओ संदीप कुमार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजा सिंहदेव, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष देबू चटर्जी, झारखंड मुक्ति मोर्चा के नगर महामंत्री सनत कुमार आचार्य तथा अन्य दलों के प्रतिनिधि गण उपस्थित रहे।