शासकीय महाविद्यालय के पास इस तरह से दबी हुई है सड़क।
बसना | बसना से होकर गुजरी फोरलेन सड़क घटिया निर्माण कार्य के चलते दबने लगी है। बसना से डेढ़ किलोमीटर दूर शासकीय महाविद्यालय से दानी फार्म हाउस तक एक तरफ की सड़क दब गई है। सीधी सपाट सड़क के बीच अचानक उबड़-खाबड़ होने के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ज्ञात हो कि पूर्व में फोरलेन सड़क के निर्माण के समय प्रशासनिक जांच में बिटंगीपाली नाले से सराईपाली की ओर लगभग 7 किमी सड़क को हल्के मटेरियल के उपयोग करने के कारण रिजेक्ट किया गया था। इसके बाद डाले गए मटेरियल को हटाकर दोबारा निर्माण किया गया था। इधर, इस मामले में बीएससीपीएल के साइट इंचार्ज विजय प्रताप पाण्डेय ने कहा कि मरम्मत का कार्य जारी है, जल्द ही इसकी भी मरम्मत हो जाएगी।
सड़क किनारे लगाए गए पौधे सूखे : फोरलेन के निर्माण के समय सड़क के दोनों किनारे पहले से मौजूद पेड़ों को काटा गया था। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद डिवाइडर सहित दोनों किनारों पर पौधरोपण किया गया था, लेकिन देखरेख के अभाव और पानी की कमी के चलते पौधे सूख गए हैं।