मनरेगा: काम नहीं, फिर भी डाला मस्टर रोल में नाम
सराईपाली|जिन्होंने काम नहीं किया मस्टर रोल में उनका नाम डालकर फर्जी ढंग से राशि आहरण करने की शिकायत ग्राम पंचायत रोहिना के लोगों ने एसडीएम से की है। शिकायत में लम्बोदर नेताम, लालकुमार नाग, नकुल यादव, सरेश सेठ, देवध्वज सहित अन्य लोगों ने एसडीएम से की गई शिकायत में कहा है कि रोहिना के पनखत्ती तालाब गहरीकरण और पचरी निर्माण के लिए शासन ने मनरेगा के तहत लोगों को रोजगार उपलब्ध हो, इस उद्देश्य से काम स्वीकृत किया। लेकिन मस्टर रोल में संपन्न लोगों के यहां काम करने वाले, संबंधी रिश्तेदारों के नाम लिखे गए हैं। ग्राम सभा में भी इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई। फर्जी ढंग से प्रस्ताव बनाए गए, गरीबों को मिलने वाली राशि कुछ लोगों ने हथिया ली। इस तरह से गड़बड़ी करने वालों की जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।