कस्बा का अस्पताल चिकित्सकों की लापरवाही के कारण बदहाली के दौर से गुजर रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्पताल में चार चिकित्सकों को कार्य व्यवस्था के तहत तैनात किया है। अधिकांश चिकित्सक बिना सूचना दिए अस्पताल से नदारद रहते है।
इससे तंग आकर सोमवार को ड्यूटी पर तैनात डाॅ. धीरज बंसल ने डिपार्टमेंट के व्हाट्सएप ग्रुप पर जमकर भड़ास निकाली तथा चिकित्सकों को बिना बताए अस्पताल से नदारद होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने ग्रुप पर लिखा कि नंबर वन सीएचसी सरमथुरा है, यहां कोई काम नहीं करना चाहता है, आई एम वर्किंग 24 हार्वस, संपर्क करने पर कोई डॉक्टर फोन नहीं उठा रहा है। जब डॉक्टर ने समस्या को लेकर नाराजगी जताई तो सीएमएचओ डाॅ. राजेश मित्तल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अटेंडेंट रजिस्टर की फोटो व्हाट्सएप ग्रुप पर मांग ली तथा लिखा आई विल सी दीज आॅल हीरो। चिकित्सक ने सीएमएचओ के निर्देश पर तुरंत अटेंडेंट रजिस्टर की फोटो ग्रुप पर मुहैया करा दी। अस्पताल में प्रभारी की लापरवाही के कारण अव्यवस्थाओं का आलम फैला पड़ा है। मैटरनिटी वार्ड में प्रसूताएं गर्मी से परेशान है वही अस्पताल में दवाओं का अभाव बना हुआ है। जिसके कारण रोगियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब देखना यह होगा कि पूरे सबूत मिलने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी लापरवाह चिकित्सकों के खिलाफ कोई कार्यवाही अमल में लाते है या वही पुराना राग अलापा जाता है। ये भविष्य के गर्त में है।
हालात
पीएचसी पर कार्यरत डॉक्टर ने सोशल मीडिया में निकाली भड़ास बोले- साथी डॉक्टर रहते हैं बिना बताए अवकाश पर
सरमथुरा अस्पताल में चार चिकित्सक तैनात
स्वास्थ्य विभाग द्वारा कस्बा के अस्पताल में रोगियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए चार चिकित्सकों को कार्य व्यवस्था के तहत लगाया हुआ है जबकि अस्पताल में पोस्टेड चिकित्सक को सैंपऊ में तैनात किया हुआ है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्पताल में तैनात चार चिकित्सकों मे से एक चिकित्सक को अजमेर ट्रेनिंग में भेजा हुआ है वही एक चिकित्सक अस्पताल में मौजूद है बाकी दो चिकित्सकों का कोई अता पता नहीं है। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने दोनों डॉक्टर से संपर्क करने का प्रयास किया तो फोन ही उठाना मुनासिब नहीं समझा। जिसके कारण रोगियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।