सरमथुरा | उपखण्ड में शुक्रवार रात्रि को अज्ञात लोगो ने पानी की आपूर्ति करने वाली मुख्य पाइप लाइन पर लगे स्लूस वाल को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके कारण शुक्रवार को 94 गांव व 61 मजरों की पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो गई। लाइन क्षतिग्रस्त होने से करीब साढ़े सात लाख लीटर पानी व्यर्थ बह गया। जलदाय विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को पता लगते ही प्लांट से पानी की आपूर्ति बंद कराई गई।
पता चला कि असामाजिक तत्वों ने सुनकई के समीप नाला में लाइन में लगे स्लूस वाल को बंद करने का प्रयास किया था लेकिन लाइन चालू होने के कारण पूरी तरह से स्लूस वाल बंद तो नहीं हो सका लेकिन लाइन पर दबाव बनने के कारण लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियंता विजयसिंह ने बताया कि जलदाय विभाग के कर्मचारी पेट्रोलिंग करते हुए जब मौके पर पहुंचे तो लाइन में से पानी निकलता हुआ मिला। विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने देर रात्रि तक लाइन को दुरूस्त कर लिया। जलदाय विभाग के जेईएन विजयसिंह ने बताया कि विभाग के उच्च अधिकारियों के निर्देश पर लाइन के साथ छेड़छाड़ करने, लाइन को क्षतिग्रस्त करने व पेयजल आपूर्ति में बाधा डालने के लिए अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।