पुलिसकर्मियों ने चंदा एकत्रित कर बोर में डलवाई मोटर
भास्कर संवाददाता | सारंगपुर
थाना और उसके आसपास लगी कालोनियों में जल संकट फैल रहा है। यहां सरकारी जल स्रोत नहीं होने और जो हैं वह भी दम तोड़ देने से लोगों को पानी संकट का सामना करना पड़ रहा है। इस क्षेत्र में हर साल गर्मियों की शुरुआत होते ही जल संकट गहराने लगता है।
इसके बावजूद नगर पालिका रहवासियों के लिए पानी की व्यवस्था नहीं कर पा रही है। थाना परिसर सहित आसपास की कालोनियों के लोग थाना परिसर स्थित ट्यूबवेल पर निर्भर रहते हैं। लेकिन इस बोर की मोटर भी कई वर्ष पुराने होने से लोगों का साथ नहीं दे पा रही थी।
अधिक उपयोग होने से मोटर बार बार जल रही थी। इससे लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। इस पर थाना स्टाफ ने राशि एकत्रित करके बोर में नई मोटर डलवाई है। वहीं स्टार्टर भी नया लगवाया गया है। पुलिस के इस सार्थक प्रयास से ट्यूबवेल पर्याप्त पानी दे रही है। जिससे रहवासियों को गर्मी में पानी मिल पा रहा है।
अब मिली राहत
मोटर कई वर्ष पुरानी होने से बार-बार जलने से बन रही थी पानी की समस्या, लोगों को मिली राहत
थाना परिसर के बोर में नई मोटर डलवाते पुलिसकर्मी।