पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 5 साल पहले 17 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे एक माह में लगने थे पर अब तक नहीं लगे

5 साल पहले 17 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे एक माह में लगने थे पर अब तक नहीं लगे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | सारंगपुर

आपराधिक व असामाजिक तत्वों व गतिविधियों पर अंकुश लगाने और शहर की सुरक्षा की दृष्टि से शहर में करीब17 से ज्यादा स्थानों पर तीन दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के लिए 5 वर्ष पूर्व तात्कालीन एसपी सुशांत सक्सेना ने एक बैठक ली थी। इसमें उन्होंने नगर के विभिन्न स्थानों पर एक माह के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगाने की बात नगर के प्रबुद्धजनों, राजनेताओं के बीच कही थी। लेकिन यह इस शहर का दुर्भाग्य ही कहा जा सकता है, कि पिछले पांच वर्षों से लगातार सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने का केवल आश्वासन ही मिलता रहा है।

पीएचक्यू ने भी दिए हैं निर्देश

करीब डेढ़ वर्ष पूर्व पीएचक्यू से भी शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश मिले थे। इसके बावजूद इतना समय बीत जाने के बाद भी यह कार्य शुरू नहीं हो सका है, जबकि सारंगपुर संवेदनशील नगर की गिनती में माना जाता है। यहां अभी तक कैमरे नहीं लग पाए हैं।

सर्वे के बाद भी नहीं हो रहा काम

नगर में सीसीटीवी के बाद नगर में आने-जाने वाले वाहनों सहित हर व्यक्ति की निगरानी रखी जा सकेगी। इस योजना को लंबा समय बीतने के बाद भी अभी तक अमलीजामा तक नहीं पहन पाई है। कैमरे नगर में लगने के बाद कई आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लग सकता है। नगर में आने जाने वाले वाहनों सहित अन्य लोगों पर भी निगरानी रखी जा सकेगी। मगर सीसीटीवी कैमरे लगाने के प्रति न तो जनप्रतिनिधि जागरूक हैं न ही अधिकारी वर्ग इसमें रुचि दिखा रहे हैं। नगर में प्रमुख स्थानों पर कैमरे लगाने के लिए 8-9 माह पूर्व आए सर्वे दल ने भी नगरों के प्रवेश व निकासी मार्गों सहित आंतरिक हिस्सों के संवेदनशील स्थलों पर कैमरे लगाए जाने के लिए जगह का चयन भी किया जा चुका है। लेकिन यह भी अधर में ही अटका हुआ है।

कैमरों की नजर से कोई नहीं बच सकेगा

अगर यह कैमरे नगर में लगाए जाते हैं तो यहां आने व जाने वाले कोई भी वाहन कैमरों की नजर से बच नहीं सकेंगे। साथ ही रात्रि के समय की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कैमरे नाइटविजन वाले होंगे। जिससे आपराधिक व अनैतिक गतिविधियों में लिप्त लोगों व वाहनों को पकड़ा जा सकेगा। इसी के साथ सड़क दुर्घटनाओं की जानकारी भी पुलिस को तुरंत मिल सकेगी। साथ ही कैमरे के फुटेज सबूत के तौर पर भी उपयोगी साबित होंगे।

इन स्थानों पर लगाए जाने हैं सीसीटीवी कैमरे

किए गए सर्वे के अनुसार नगर के एबी रोड कालीसिंध नदी के पुल पर 4 कैमरे, रानी रूपमति मार्ग, आरामशीन के पास 4, कसाईवाड़ा पाइंट पर एक, मंडाई चौकी पर 3, आकोदिया नाका तिराहे पर 3, रेल्वे क्रासिंग पाड़ल्यामाता मार्ग पर1, पाडल्या माता मार्ग तिराहे पर एक। शिव मंदिर पुराने बस स्टैंड पर एक, गांधी चौक पर 3, भेरु दरवाजा मार्ग पर 4, मुकेरवाड़ी तिराहे पर 4, बस स्टैंड के प्रवेश व निकासी द्वार पर 2, अस्पताल मार्ग पर एक कैमरे सहित नगर के अन्य स्थानों पर सीसीटीवी लगाना प्रस्तावित हैं।

योजना के तहत नौ माह पूर्व सर्वे कर कैमरे लगाने के स्थान का चयन, अब तक नहीं हुआ अमल

नगर में आपराधिक गविविधियों पर नजर रखने नहीं लगाए जा रहे सीसीटीवी कैमरे।

मामले की जानकारी लेता हूं

सारंगपुर में भी सीसीटीवी कैमरे लगाया जाना प्रस्तावित हैं। नगर में इसको लेकर अभी तक अमल क्यों नहीं हुआ इसकी जानकारी लेता हूं। नगर में अपराध और असामाजिक तत्वों पर निगरानी में सहायक सीसीटीवी कैमरे जल्द लगवाने की प्रक्रिया तेज की जाएगी। -प्रकाश मिश्रा, एसडीओपी, सारंगपुर

खबरें और भी हैं...