सारंगपुर | एक ओर तो स्वच्छता अभियान के तहत शासन जोर शोर से प्रचार-प्रसार कर रहा है। वहीं दूसरी ओर ग्राम पंचायतें व अन्य संस्थाएं। इस स्वच्छता अभियान को कितनी गंभीरता से ले रहे है, इसका उदाहरण ग्राम पंचायत हराना में देखने को मिल रहा है। इस गांव के एक मोहल्ले के लोग गंदगी मे नारकीय जीवन जी रहे है। सबसे बड़ी बात तो यह है, कि यहां के रहवासी सरपंच से लेकर कलेक्टर तक समस्या से अवगत करा चुके हैं। इसके बाद भी इसका हल नहीं निकल पाया है। गांव के सुनील प्रजापति, मोहन प्रजापति सहित अन्य लोगों ने बताया कि श्रीराम मंदिर से मुक्तिधाम तक जाने वाले मार्ग की हालत बेहद खराब है। यहां के रहवासियों को दिन-रात में मच्छरों व बदबू का सामना करना पड़ता है। लोगों के घरों का गंदा पानी भी सड़क पर बहता रहता है। मोहल्ला वासियों ने बताया कि इस मार्ग को दुरुस्त करने और सीसी रोड बनाने की मांग काफी समय से की जा रही है। लेकिन इस ओर ग्राम पंचायत ध्यान नहीं दे रही है।