नगर पालिका ने कुएं को ढकवाया, बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक
सारनी| शहर के छोटा मठारदेव स्थित कुएं की सुरक्षा को लेकर नगर पालिका सजग हो गई है। इसी कुएं से पूरे शहर में पानी सप्लाई हो रहा है। नगर पालिका ने जाली लगे कुएं को पूरी तरह से ढंक दिया है। इसमें कचरा आदि नहीं गिर सकेगा। इसके अलावा नपा के हाईडेंट पर बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। टैंकरों को यहीं से भरा जाता है। हालांकि इस साल कुएं में पानी काफी कम हो गया है। इससे दिक्कतें आ रही है। नगर पालिका के इंजीनियर्स इसकी हर घंटे जांच कर रहे हैं। इधर प्राइवेट टैंकरों की जांच नगर पालिका ने की है। एई और उपयंत्री के एक दल ने पानी भरने वाले स्थान और टैंकरों की जांच की। पानी के सैंपल भी लिए। निजी टैंकर चालक शहर के छतरपुर रोड और सलैया गांव से पानी ले रहे हैं।