- Hindi News
- National
- धौलपुर के लाल पत्थरों से दमकेगा बाबा मठारदेव का दरबार अक्षय तृतीया पर पूजन के साथ शुरू हुआ सौंदर्यीकरण कार्य
धौलपुर के लाल पत्थरों से दमकेगा बाबा मठारदेव का दरबार अक्षय तृतीया पर पूजन के साथ शुरू हुआ सौंदर्यीकरण कार्य
सतपुड़ा के राजा बाबा मठारदेव का दरबार धौलपुर के लाल पत्थरों से सजेगा। बुधवार को अक्षय तृतीया से इस की शुरुआत हुई। मठारदेव मेला समिति ने विधिवत पूजा करने के बाद इसकी शुरुआत की और काम शुरू कराया। राजस्थान से आए कलाकार मंदिर में नक्काशी करेंगे। बाबा मठारदेव के आधार मंदिर के गर्भगृह से इसकी शुरुआत होगी। इसके बाद पूरे मंदिर को लाल पत्थरों से पाटा जाएगा।
मठारदेव बाबा मंदिर में निर्माण और संधारण का कार्य यहां बाबा मठारदेव मेला समिति करती है। समिति की योजना के अनुसार यहां करीब 40 लाख रुपए खर्च कर लाल ग्रेनाइट पत्थर लगाया जाएगा। पिछले सप्ताह ही धौलपुर से पत्थरों की पहली खेप यहां पहुंची है।
अक्षय तृतीया के अभिजीत मुहूर्त में यहां पूजन किया। समिति के डीके गौतम, अमरीश सिंह रघुवंशी, ओएस राजपूत, चंद्रकिशोर बडगूजर और नगर पालिका के सब इंजीनियर रविंद्र वराठे की मौजूदगी में हुई। विधिवत पूजन के बाद कारीगरों ने काम की शुरुआत की। बाबा से निर्विघ्न कार्य कराने की प्रार्थना की।
जीर्णोद्धार
बाबा मठारदेव मेला समिति करवा रही है काम, धौलपुर के कलाकार करेंगे नक्काशी
सारनी। बाबा मठारदेव मंदिर में धौलपुर के पत्थरों को काम की शुरुआत करते हुए।
मुस्लिम कलाकार करेंगे नक्काशी, दो महीने में तैयार हो जाएगा गर्भगृह
मठारदेव बाबा मंदिर निर्माण का काम धौलपुर के मुस्लिम कलाकार अकबर करेंगे। उनकी देखरेख में काम शुरू हुआ। कलाकार अकबर ने बताया वे अभी तक कई मंदिरों में काम कर चुके हैं। वे हिंदू रीति रिवाजों को जानते हैं। इसका पूरा ध्यान रखते हैं। उन्होंने कहा मंदिर का काम इतना बेहतर तरीके से होगा लोग देखकर अचंभित हो जाएंगे। अगले दो महीने में धौलपुर के पत्थर गर्भगृह में लग जाएंगे।