- Hindi News
- National
- खुले में राख परिवहन करने वाले ठेकेदार को फटकारा, तिरपाल ढांककर बाहर जाएगी राख
खुले में राख परिवहन करने वाले ठेकेदार को फटकारा, तिरपाल ढांककर बाहर जाएगी राख
सतपुड़ा पावर प्लांट की 10 और 11 नंबर इकाई की ईएसपी से निकलने वाली राख को खुले डंपरों में बाहर ले जाने के मामले को चीफ इंजीनियर ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने परिवहन करने वाले ठेकेदार को फटकार लगाई और इसे रोकने के निर्देश दिए। चीफ इंजीनियर ने एश हैंडलिंग सिस्टम ओके होने तक ढांककर राख सीधे एश डेम में भेजने के निर्देश जारी किए हैं। एश हैंडलिंग सिस्टम में सामान्य मेंटेनेंस के कारण ईएसपी सिस्टम से निकलने वाली राख को डंपरों में भरकर बाहर फेंका जा रहा है। इन्हें ठेकेदार द्वार खुले डंपरों में ले जाया जा रहा था। इससे स्टेट हाईवे पर राख उड़ने से लाेग परेशान थे। मामले को लेकर सोमवार को भास्कर ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की। इसके बाद चीफ इंजीनियर वीके कैलासिया ने सुधार के निर्देश दिए। एश हैंडलिंग इंचार्ज ईई एसके मालवीय ने बताया राख को ढांककर ही बाहर ले जाने और सीधे डेम में डालने के निर्देश दिए हैं। ऐसा नहीं किए जाने पर सीई ने संबंधित पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।