पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • दूषित पानी पीने से उल्टी दस्त से पीड़ित मरीजों का आंकड़ा 500 के पार पहुंचा

दूषित पानी पीने से उल्टी-दस्त से पीड़ित मरीजों का आंकड़ा 500 के पार पहुंचा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शोभापुर कॉलोनी में दूषित पानी पीने से बीमारों का आंकड़ा अब 500 के पार पहुंच गया है। ये वे लोग हैं जो अस्पताल में भर्ती हैं। जबकि ओपीडी में दो दिनों में 700 से ज्यादा लोग उल्टी-दस्त और पेट में मरोड़ की शिकायत का उपचार करा चुके हैं। इस बीच डब्ल्यूसीएल प्रबंधन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। डब्ल्यूसीएल मुख्यालय नागपुर और पाथाखेड़ा से सटे छिंदवाड़ा जिले के बडकुही से डॉक्टरों की टीम पाथाखेड़ा पहुंच गई है। बीमार हर व्यक्ति का उपचार किया जा रहा है। हालांकि अस्पताल में दवाओं की कमी के कारण परेशानी आ रही है।

शोभापुर कॉलोनी के वार्ड 32, 33, 35 और 36 में दूषित पानी सप्लाई के कारण सैकड़ों लोग उल्टी-दस्त और पेट में मरोड़ जैसी समस्या से पीड़ित हैं। हर परिवार में दो से तीन लोग पीड़ित हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। डब्ल्यूसीएल अस्पताल में मरीजों को भर्ती करने के लिए जगह नहीं बची। इमरजेंसी को देखते हुए डब्ल्यूसीएल सीजीएम उदय ए. कावले, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मिलिंद मोघे ने आपात बैठक कर नागपुर मुख्यालय और बगड़कुही के डॉक्टरों की टीम बुलवाई है। हालांकि शोभापुर कॉलोनी की डिस्पेंसरी में जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से दो डॉक्टरों के नेतृत्व में टीम मरीजों का उपचार कर रही है। मरीजों का आंकड़ा 500 के पार हो गया है। इसी बीच सीजीएम श्री कावले, डॉ. मोघे, सब एरिया मैनेजर एके राय, एके शुक्ला, जीवन सिंह चौहान, डब्ल्यूसीएल टीएससी भरत सिंह ने घर-घर जाकर सर्वे किया।

सीजीएम और अधिकारियों की टीम ने शोभापुर क्षेत्र की सारी पाइप लाइन बदलवाने का काम शुरू कराया।

एक लीकेज से कैसे इतना दूषित हो सकता है पानी

शोभापुर कॉलोनी में बड़े हिस्से में उल्टी-दस्त का प्रकोप फैलने और इसे दूषित पेयजल से जोड़े जाने के मामले के बाद कई बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। सालों से इन्हीं पाइप लाइनों से पानी सप्लाई हो रहा था। सप्लाई किए जाने वाले पानी की पीएच वेल्यू भी 300 के भीतर ही है। फिर यह सब कैसे हुआ। एक ही लीकेज से इतना दूषित पानी तो सप्लाई नहीं हो सकता। खुद डब्ल्यूसीएल प्रबंधन इससे परेशान है। इसी पशोपेश में पाइप लाइन बदली जा रही है। पाथाखेड़ा के मुख्य वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से ही शोभापुर और पाथाखेड़ा में पानी सप्लाई होता है। यह समस्या पाथाखेड़ा में नहीं आई। या तो मेन लाइन जिससे पानी सप्लाई हो रहा है वही कहीं लीकेज हो। यह भी हो सकता है गायत्री मंदिर के पास स्थित ओवर हैड टैंक में गंदगी हो। कारण कुछ भी स्पष्ट नहीं है। ज्यादा आशंका मेन पाइप लाइन के लीकेज होने की है।

किराए के कूलर व पलंग लगाए पर एंटीबायोटिक की कमी

डब्ल्यूसीएल अस्पताल में कूलर की कमी के कारण मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। अस्पताल विजिट के दौरान सीजीएम श्री कावले को समस्या मिली। इसके बाद उन्होंने तत्काल कूलर और पलंग लगवाए। खाली कमरों को खुलवाकर इनमें बेड और कूलर लगाकर मरीजों को भर्ती किया। दूसरी अोर अस्पताल में जरूरी एंटीबायोटिक की कमी है।

ऐसे बढ़ा मरीजों का आंकड़ा

तारीख सुबह शाम

15 मई -- 30

16 मई 36 43

17 मई 48 46

18 मई 53 55

19 मई 56 56

20 मई 64 64

21 मई 88 90

नोट- उक्त आंकड़े सुबह और शाम के हैं। इसमें दोनों मरीज कॉमन भी हो सकते हैं। इसलिए आंकड़ा 500 के पार है।

शोभापुर कॉलोनी में नालियों से हटाकर नई पाइप लाइन डालने का काम शुरू

शोभापुर कॉलोनी में नालियों से होकर गुजरी पाइप लाइन से दूषित पानी सप्लाई होने की आंशका को देखते हुए डब्ल्यूसीएल ने सारी पाइप लाइन नई लगाने के आदेश जारी किए। रविवार शाम से काम शुरू हो गया। सब एरिया मैनेजर एके राय और एसओ सिविल राम इसका काम देख रहे हैं। सीजीएम ने पूरी कॉलोनी की सारी लाइन बदलने के निर्देश दिए। ब्रांच लाइन भी इसमें शामिल हैं।

पाइप लाइन बदलवा रहे हैं

प्रारंभिक रूप से दूषित पानी के कारण ऐसा होने की जानकारी आई है। इसे देखते हुए सारी लाइन बदली जा रही है। मगर, दूसरे पहलू पर भी विचार करना होगा। यदि लाइन बदलने के बाद भी समस्या रही तो परेशानी हो जाएगी। इसलिए घर-घर सर्वे कर रहे हैं। उदय ए. कावले, सीजीएम, डब्ल्यूसीएल पाथाखेड़ा एरिया

अस्पताल में उल्टी-दस्त से पीड़ित सारे मरीजों को उपचार दिया जा रहा है। एक्सट्रा बेड और कूलर लगवाए हैं। बाहर से भी डॉक्टरों की टीम आई है। दवाएं भी पर्याप्त हैं। इन्फेक्शन के कारण ऐसा होना प्रतीत हो रहा है। जांच की जा रही है। डॉ. मिलिंद मोघे, सीएमएचओ, डब्ल्यूसीएल एरिया अस्पताल पाथाखेड़ा

खबरें और भी हैं...