ग्रामीणों को नहीं मिली मजदूरी ग्रामसभा में किया हंगामा
छतरपुर में ग्रामीणों को मनरेगा के तहत 4 माह से नहीं हुआ भुगतान
भास्कर संवाददाता| सारनी
रोजगार गारंटी योजना की मजदूरी के मानदेय का भुगतान नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने छतरपुर में ग्राम सभा में जमकर हंगामा किया। ग्रामीण बढ़ रहे पलायन और रोजगार नहीं मिलने से नाराज थे। ग्रामीण महिलाओं ने ग्राम सभा का बहिष्कार किया।
घोड़ाडोंगरी की ग्राम पंचायत छतरपुर में चल रही ग्राम सभा में ग्रामीणों ने अपना विरोध दर्ज कराया। पूर्व उपसरपंच दिलीप वरकड़े ने बताया पंचायत स्तरीय ग्राम सभा का आयोजन रविवार को हुआ। ग्रामवासियों ने 4 महीने से मनरेगा का भुगतान न होने के कारण नाराजगी जताई और ग्राम सभा बहिष्कार करने लगे।
महिलाएं भी विरोध जताने में पीछे नहीं रहीं। महिलाओं ने ग्राम सभा में आए जनप्रतिनिधियों को खूब खरी-खोटी सुनाई। ग्रामीणों ने पंचायत सचिव से साफ शब्दों ने कहा जब तक भुगतान नहीं होता वे ग्राम सभा में नहीं आएंगे। पंचायत सचिव चंद्रकला आजाद इरपाचे ने महिलाओं को यह कहकर शांत करने का प्रयास किया कि जिले में मनरेगा के भुगतान के लिए आई राशि खत्म हो गई है नया आवंटन आने पर तुरंत भुगतान किया जा सकेगा। ग्राम सभा में सरपंच सुंदरलाल कुमरे, मुकेश धुर्वे, रामदास वर्टी, प्रमिला सरयाम, सुखलाल सेलुकर, दिलीप सरयाम, बलसिंह वरकडे और ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
ग्रामवासियों ने यह
भी बताई समस्या
1 आदिवासी ग्रामीणों क्षेत्र में रोजगार नहीं मिलने के कारण पलायन कर रहे हैं।
2 समय पर मजदूरी का भुगतान नहीं होने से ग्रामीण मजदूरी करने से कतराते हैं।
3 कपिलधारा कूप निर्माण की राशि भी नहीं मिली है।
4 मजदूरी भुगतान न होने के करन काम भी रुका हुआ।