पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • डीईओ के डेपुटेशन करने के बाद तीन की जगह स्कूल पहुंचा केवल एक अध्यापक

डीईओ के डेपुटेशन करने के बाद तीन की जगह स्कूल पहुंचा केवल एक अध्यापक

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गांव श्यामपुरा के राजकीय उच्च विद्यालय में 6 माह से शिक्षकों का इंतजार कर रही छात्राओं को डीईओ के आश्वासन के बावजूद भी दूसरे दिन भी शिक्षकों के इंतजार में ही बीत गया। बता दें कि गत दिवस मंगलवार को शिक्षकों की कमी को लेकर छात्राओं, अभिभावकों व ग्रामवासियों ने स्कूल के गेट पर ताला लगा धरना शुरू कर दिया था। तालाबंदी के लगभग 6 घंटे बाद मौके पर पहुंचे डीईओ मुकेश लावणिया ने बुधवार से ही तीन शिक्षकों को डेपुटेशन पर भेजने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया था। डीईओ के आश्वासन के बावजूद दूसरे दिन श्यामपुरा स्कूल में केवल एक ही अध्यापक पहुंचा, जबकि दो और अध्यापकों के इंतजार में दिन बीत गया लेकिन वे नहीं पहुंचे।

बता दें कि गत दिवस डीईओ मुकेश लावणियां ने कहा था कि श्यामपुरा स्कूल में स्टाफ की कमी को देखते हुए उन्होंने सोहड़ी स्कूल से धूप सिंह को सामाजिक विज्ञान पद के लिए, बास सतनाली स्कूल से देवदत्त को गणित विषय के लिए तथा डालनवास से गंगेश शास्त्री को संस्कृत विषय के लिए सप्ताह में 4 दिन श्यामपुरा स्कूल के लिए डेपुटेशन किया है। लेकिन दूसरे दिन केवल डालनवास स्कूल से गंगेश शास्त्री ही श्यामपुरा स्कूल में विद्यार्थियों को पढ़ाने पहुंचे, बाकी एक भी शिक्षक स्कूल में नहीं पहुंच पाए।

ये था मामला : ग्रामवासियों के अनुसार श्यामपुरा में राजकीय कन्या मिडिल स्कूल व राजकीय उच्च विद्यालय स्कूल है। इनमें पिछले 6 माह से स्टाफ की भारी कमी है। मामले पर उच्चाधिकारियों के उदासीन रवैये से खफा विद्यालय के विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने स्कूल के गेट के सामने एकत्रित होकर विभाग व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए स्टाफ की नियुक्ति की मांग करते हुए स्कूल के गेट पर ताला लगा दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उनको समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे मौके पर शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की।

काफी देर तक विभाग के अधिकारी न पहुंचने के कारण उन्होंने मुख्य सड़क मार्ग पर धरना शुरू कर दिया। तालाबंदी के लगभग 6 घंटे बाद मौके पर पहुंचे डीईओ को लोगों ने खरी-खोटी सुनाई और शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की। इस पर डीईओ ने मौके पर फोन के माध्यम से क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों से तीन अध्यापकों की 4 दिन के लिए श्यामपुरा स्कूल में डेपुटेशन के तौर पर डयूटी लगाई और धरना समाप्त करवाया था।

फॉलोअप

16 मई को प्रकाशित खबर

श्यामपुरा स्कूल के लिए तीन अध्यापकों का चार दिन के लिए डेपुटेशन के मंगलवार ही ऑर्डर कर दिए गए थे। बुधवार को यदि कोई अध्यापक नहीं पहुंचा तो वो उनकी व्यक्तिगत मजबूरी हो सकती है। जिन अध्यापकों के डेपुटेशन किए गए हैं, वे अपनी ड्यूटी पर जरूर पहुंचेंगे। यदि अध्यापक ऐसा नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। -मुकेश लावणिया, डीईओ नारनौल।

सतनाली मंडी. स्कूल में बच्चों को पढ़ाते शिक्षक।

खबरें और भी हैं...