महेंद्रगढ़ | एसडीएम उत्तम सिंह आईएएस ने शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मीटिंग ली तथा सरकार की विकासात्मक योजनाओं एवं नीतियों को लेकर अधिकारियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी जनहित से जुड़े कार्यों को संपन्न करने में तेजी दिखाएं, ताकि इनके पूर्ण होने से लोगों को त्वरित लाभ मिले।
एसडीएम उत्तम सिंह आईएएस ने बताया कि एसीएस अनुराग रस्तोगी द्वारा सतनाली खंड गोद लिया गया है। इसलिए इस खंड के गांवों में जिस-जिस विभाग द्वारा सरकार की योजना के अंतर्गत स्कीमें चलाई हुई हैं, उनकी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें तथा लोगों को उनके बारे में अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि किसानों को मधुमक्खी पालन, बागवानी, मशरूम की खेती, मत्स्य पालन व डेयरी से जुड़ी स्कीमों के बारे में अवगत कराया जाए। प्रदेश के युवाओं को सरकार की स्टार्ट अप इंडिया, सक्षम योजना, मुद्रा योजना जैसी विभिन्न स्कीमों के बारे में अवगत कराया जाएं। एसडीएम उत्तम सिंह ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग से जुड़ी तमाम योजनाओं एवं नीतियों को लागू करने में बिल्कुल भी देरी ना करें, ताकि सरकार द्वारा जनहित में लिए गए निर्णयों के अंतर्गत विकासात्मक योजनाओं एवं नीतियों का अधिक से अधिक लाभ मिले। हेल्थ डिपार्टमेंट से डॉ. मोनू यादव, बीएओ गजानंद, एसडीएओ हरपाल सिंह, डीएसओ नरेश पाल, डीएचओ विकास शर्मा, बीटीएम देवेन्द्र कुमार, वेटनरी सर्जन डॉ. विनोद कुमार, एफओ सुभाष कुमार, रोजगार अधिकारी मुकेश कुमार, बीडीपीओ निशा तंवर व एएससीओ विजय चौपड़ा आदि उपस्थित थे।