सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले रविवार को विभिन्न कर्मचारी यूनियनों ने नई पेंशन नीति के विरोध में शहर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद जब कर्मचारियों ने शिक्षा मंत्री के आवास की तरफ कूच किया तो पुलिस ने उन्हें ब्रह्मचारी रोड पर सरस्वती कॉलोनी के गेट पर बैरिकेट लगाकर रोक दिया। इस दौरान पुलिस जवानों व कर्मचारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
संघ के जिला प्रधान मास्टर धर्मेंद्र यादव के नेतृत्व में कर्मचारियों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। बाद में संघ के राज्य प्रधान संदीप सांगनवान, शीतलदास, जगनलाल निगानिया, मास्टर महेश यादव, महेंद्र बोयत, महेंद्र संगेलिया, पूर्णचंद, सुरेश कुमार, सुजान मालडा, मास्टर शेर सिंह, मास्टर धमेंद्र सिंह, किरोड़ीमल सैनी, मुकेश चौहान, गुलजारीलाल, पूर्णचंद, कौशल यादव, पूर्ण जैदिया, शेर सिंह, कमला देवी व बाबूलाल यादव आदि ने अपने विचार रखे। इन सभी वक्ताओं ने सरकार की नई पेंशन नीति की आलोचना करते हुए पुरानी पेंशन स्कीम को बहाल करने की मांग की।
बता दें कि कर्मचारी शिक्षामंत्री आवास पर चौधरी रणवीर सिंह हुड्डा पार्क से राव तुलाराम चौक से सतनाली चौक पर स्थित शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा के आवास पर जाने का कार्यक्रम था। जब कर्मचारियों अपने इस तय कार्यक्रम के तहत हुड्डा पार्क से राव तुलाराम चौक की तरफ प्रदर्शन करने लिए कूच किया तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस पर कर्मचारियों व पुलिस अधिकारियों की काफी देर बहस हुई। बाद में कर्मचारियों ने अपने प्रदर्शन के रूट को बदलते हुए बस स्टैंड, सीएसडी कैंटीन, अंबेडकर चौक, पुरानी कोर्ट रोड, ऑटो मार्केट होते हुए ब्रह्मचारी रोड से शिक्षामंत्री आवास पर पहुंचने का कार्यक्रम बनाया।