पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सरकारी स्कूलों में भामाशाह बनकर राशि दो और शिक्षा विभूषण बनो, आयकर में मिलेगी नियमानुसार छूट

सरकारी स्कूलों में भामाशाह बनकर राशि दो और शिक्षा विभूषण बनो, आयकर में मिलेगी नियमानुसार छूट

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर संवाददाता | गंगापुर सिटी

अब भामाशाह सरकारी स्कूलों में परिजनों का नाम धन देकर लिखवा सकते हैं। इसके अलावा तय राशि जमा करवाने पर विभिन्न प्रकार के पुरस्कार भी ले सकते हैं। भामाशाह के पास कम पैसे हैं तो शिक्षा मित्र तथा एक करोड़ से ज्यादा की राशि स्कूल में दे रहे हों तो शिक्षा विभूषण से नवाजा जा सकता है। शिक्षा विभाग ने भामाशाह योजना शुरू की है।

इसके तहत भामाशाहों व औद्योगिक संस्थाओं से सहयोग लिया जाएगा। नाम लिखवाने के मापदंड भी तय कर दिए गए हैं। विद्यालय के नाम से पूर्व भामाशाह, व्यक्तिगत दानदाता का नाम व उसके द्वारा निर्धारित नाम अंकित किया जाएगा। किसी भी स्थिति में राजकीय शब्द नहीं हटाया जाएगा।

प्रस्ताव डीईओ को सौंपना होगा, मंजूरी सरकार देगी

नामकरण के लिए विद्यालय विकास एवं प्रबंध समिति, विद्यालय प्रबंध समिति के माध्यम से भामाशाह के दान तथा कार्यों का अनुमोदन कर संस्था जिला शिक्षा अधिकारी को भेजेंगे। इसके बाद प्रस्ताव माध्यमिक प्रारंभिक शिक्षा निदेशक को भेजा जाएगा। इसके बाद राज्य सरकार अंतिम निर्णय करेगी।

ये होंगे कार्य
विद्यालयों में पर्याप्त संख्या में कक्षा कक्ष, खेल मैदान, फर्नीचर, खेलकूद सामग्री, विद्युत, स्वच्छ पेयजल, शौचालय सुविधा व आईसीटी कम्प्यूटर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री विद्यादान कोष में वित्तीय योगदान पर छूट मिलेगी। सरकारी स्कूलों में एक करोड़ खर्च करने वाले को शिक्षा विभूषण सम्मान व 15 लाख खर्च करने पर शिक्षा भूषण मिलेगा।

भामाशाहों को ये मिलेंगे पुरस्कार
5 से 25 हजार रुपए देने पर शिक्षा मित्र, 25 हजार से एक लाख रुपए देने पर शिक्षा साथी, एक लाख से 15 लाख रुपए पर शिक्षा श्री, 15 लाख से एक करोड़ पर शिक्षा भूषण व एक करोड़ से अधिक राशि पर शिक्षा विभूषण पुरस्कार भामाशाह, दानदाताओं व औद्योगिक संस्थाओं को दिया जाएगा।

सरकार का यह कदम महत्वपूर्ण है। निश्चित ही इससे शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा । लोगों को खुले मन से शिक्षा के लिए दान करना चाहिए। मनमोहन दाधीच, एडीपीसी, रमसा, सवाई माधोपुर

खबरें और भी हैं...