पद्मनाभ सिंह का पहली बार रणथंभौर भ्रमण
सवाई माधोपुर की विधायक दीया कुमारी के पुत्र सवाई पद्मनाभ सिंह शनिवार को पहली बार सवाई माधोपुर में दिखाई दिए।
आज उन्होंने रणथंभौर अभयारण्य में भ्रमण कर वहां वन्यजीवों की अठखेलियां देखी। इस दौरान उनके साथ उनके कुछ मित्र भी दिखाई दिए। यहां उन्होंने सुजान शेरबाग होटल में विश्राम किया। आम आदमी से दूरी रही, लेकिन कुछ लोगों से उन्होंने मुलाकात भी की। पद्मनाभ सिंह के सवाई माधोपुर आगमन को लेकर यहां के राजनीतिक गलियारों में हल्की चर्चा भी दिखाई दी।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले ही पद्मनाभ सिंह ने राजनीति में आने की इच्छा जाहिर की थी। हालांकि उनका आज का सवाई माधोपुर आगमन पूरी तरह निजी एवं गोपनीय था। जानकारों के अनुसार उनका यह आगमन रणथंभौर एवं वन्यजीवों को देखना ही बताया जा रहा है, लेकिन राजनीति की बिसात पर मोहरे बिठाने वाले लोगों द्वारा इस यात्रा में भी भावी राजनीतिक कारण खोजने का प्रयास किया जा रहा है।