जय भीम, जय भारत का नारा हुआ बुलंद
सवाईमाधोपुर. जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट के सामने स्थित अम्बेडकर सर्किल पर डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमा के अनावरण के बाद पुष्पांजलि अर्पित करते बौद्ध धर्माचार्य विशुद्धानंद एवं अन्य।
कासं | सवाई माधोपुर
जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट के समक्ष स्थित अम्बेडकर चौराहे पर डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 127वीं जयंती एवं भव्य प्रतिमा अनावरण समारोह शनिवार को डॉ. भीमराव अम्बेडकर प्रतिमा स्थापना समिति सवाई माधोपुर के तत्वावधान में आयोजित हुआ। बौद्ध धर्माचार्य विशुद्धानंद ने डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान जय भीम, जय भारत के नारों से आसमान गुंजायमान हो उठा। प्रतिमा अनावरण के साथ बौद्ध धर्माचार्य विशुद्धानंद, भत्ते गुणानंद एवं भत्ते सागर दीप ने अम्बेडकर प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर स्थानीय विधायक दिया कुमारी, संसदीय सचिव जितेन्द्र गोठवाल, एआईसीसी सदस्य दानिश अबरार, पूर्व केबिनेट मंत्री अशोक बैरवा, पूर्व विधायक मोतीलाल मीना, कलेक्टर के.सी.वर्मा, एसपी मामन सिंह, सीईओ जिला परिषद आशीष गुप्ता सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं लोगों ने डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित की।
कुछ लेते हैं आनंद और कुछ पाते हैं दुख
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बौद्ध धर्माचार्य विशुद्धानंद ने कहा कि सरकारें आई और गई लेकिन समाज का दबा कुचला समाज आज भी वहीं का वहीं है। समाज के उच्च वर्गों द्वारा निम्न वर्ग के लोगों के साथ अन्याय किया गया। यह सामाजिक असमानता नहीं तो ओर क्या है। समाज के कुछ वर्ग आनंद से जीवन जीते हैं और कुछ दुख: पाते हैं। इस असमानता की खाई को पाटने के लिए निम्न वर्ग के लोगों को शिक्षित बनना होगा, संगठित रहना होगा तथा अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना होगा। जिसकी डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने संविधान में व्यवस्था की है।
डॉ. अम्बेडकर के बताए मार्ग को जीवन में उतारें
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आयकर अधिकारी बी.एल.बैरवा, व्याख्याता मुकेश मैरोठा व सेक्शन इंजीनियर रेलवे तुलसीराम मीना ने लोगों को संबोधित करते हुए संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि अब डरने, सिमटने एवं सहने का समय समाप्त हो गया है। अपनी ताकत को समझें और इतिहास के पन्नों को जरूर पलटे। उन्होंने कहा कि संवैधानिक आजादी के बावजूद समाज के दबे, कुचले लोगों को उनका अधिकार नहीं मिल रहा है। सरकारें उनके अधिकारों का हनन कर रही है। दबे कुचले लोगों को अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर संवैधानिक लड़ाई लड़नी होगी। इसके लिए डॉ. अम्बेडकर के तीन सूत्र शिक्षित बनो, संघर्ष करो और संगठित रहो को पूरी तरह जीवन में अपनाना होगा। वक्ताओं ने दलित समाज के प्रतिनिधियों को चेताया कि समाज के नाम पर वोट मांगकर वो सरकार में शामिल होकर उच्च पदों पर काबिज हो जाते हैं, लेकिन समाज के उत्पीड़न के खिलाफ कोई आवाज नहीं उठाता है। ऐसे में हमारे प्रतिनिधि समाज और इतिहास के साथ अन्याय करते हैं।
भीम भजनों पर झूमे लोग
संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती पर इन्दिरा मैदान में सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान भजन गायकों ने भीम भजन गाकर लोगों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। अमर हुआ अम्बेडकर आधुनिक हिन्दुस्तान में आदि भजनों की आकर्षक प्रस्तुतियों पर संसदीय सचिव गोठवाल, भाजपा महामंत्री कमल सिंह मीना, आचार्य लोकेंद्र शर्मा सहित कार्यक्रम में मौजूद महिला-पुरुषों ने कार्यक्रम का आनंद लिया। आयोजकों ने व्यवस्था को संभालते हुए लोगों ने अपने स्थान पर बैठकर भजनों का आनंद लेने का आग्रह किया। इसके बाद लोग अपने स्थान पर जाकर बैठ गए।
नेताओं को न मंच पर स्थान और न ही संबोधन
आयोजकों की ओर से इन्दिरा मैदान में भव्य मंच बनाने के साथ ही हजारों की संख्या में लोगों के लिए कुर्सियां लगवाई थी। मंच पर सिर्फ बौद्ध धर्माचार्य विशुद्धानंद, भत्ते गुणानंद एवं भत्ते सागर दीप को ही स्थान मिला। इसके अलावा किसी भी सामाजिक संगठन के पदाधिकारी एवं राजनेताओं को मंच पर जगह नहीं मिली। इतना ही नहीं मंच से तीन मुख्य वक्ताओं के सम्बोधन के अलावा किसी को भी बोलने नहीं दिया गया। यहां तक की वक्ताओं द्वारा कार्यक्रम में मौजूद वर्तमान एवं पूर्व सरकार के जनप्रतिनिधियों के नाम का सम्बोधन भी नहीं किया गया। नेता खामोशी के साथ कार्यक्रम देखते एवं सुनते रहे। साथ ही लोगों का अभिवादन भी स्वीकार करते रहे।
जिले भर में मनाई गई डॉ. अम्बेडकर जयंती
जिले भर में 14 अप्रेल को डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती धूमधाम से मनाई गई। फस्ट स्टेप इंग्लिश स्कूल में आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक दिया कुमारी ने कहा कि संविधान, संस्कार व सुविधा सुखद एवं ऐतिहासिक पल है। अध्यक्षता अर्चना शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष रामकिशोर अग्रवाल, सर्व ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष श्रीकिशन शर्मा उपस्थित थे। इस मौके पर विद्यालय के सीएमडी आचार्य लोकेंद्र शर्मा ने आगन्तुकों का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियां बताई। अंत में प्रधानाध्यापक कानजी गुर्जर ने धन्यवाद ज्ञापित किया। यश दिव्यांग सेवा संस्थान द्वारा रणथम्भौर रोड पर संचालित हमारा घर पुलकित सवेरा एम.आर.होम में अम्बेडकर जयंती मनाई गई। इस दौरान दिव्यांग बच्चों ने अम्बेडकर की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित किए।
सवाईमाधोपुर. जिला मुख्यालय पर डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमा के अनावरण के बाद इन्दिरा मैदान में आयोजित अम्बेडकर जयंती कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह।