पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सवारी रेल गाड़ियों को एक्सप्रेस कर किराया किया तीन गुना, सुविधाओं का विस्तार नहीं

सवारी रेल गाड़ियों को एक्सप्रेस कर किराया किया तीन गुना, सुविधाओं का विस्तार नहीं

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज | चौथ का बरवाड़ा

जयपुर-सवाई माधोपुर व कोटा रेलमार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों को रेलवे के अदूरदर्शी व मनमाने निर्णयों से परेशान होना पड रहा है। छह माह के भीतर चार सवारी गाडियों को एक्सप्रेस कर उनका किराया तीन गुना से अधिक कर दिया गया है, लेकिन सुविधाओं की बात करें तो किसी भी गाडी में कोई सुविधा नहीं बढाई गई है। साथ ही जो गाडिया एक्सप्रेस हुई है, उन्हें क्रॉसिंग में घंटों खडा किया जाता है। इससे रेल यात्रियों में नाराजगी है तथा उन्होंने इस व्यवस्था का विरोध किया है। रेलवे के इस निर्णय से टिकटों की ब्रिकी पर भी प्रभाव पडा है। कई छोटे स्टेशनों के टिकट कटना ही बंद हो गए हैं।

जयपुर-सवाई माधोपुर तथा कोटा रेलमार्ग पर रोजाना बडी संख्या में मजदूर व डेली अपडाउन करने वाले यात्री यात्रा करते हैं। सालों से इस मार्ग पर आम आदमी के लिए छह सवारी गाडियों का संचालन किया जा रहा है, लेकिन पिछले 6 माह में चार सवारी गाडियों को एक्सप्रेस कर उनका किराया दो से तीन गुना तक कर दिया है। ऐसे में रेलवे के इस निर्णय से आम आदमी की कमर टूट गई है। जुलाई माह में रेलवे ने भोपाल से जोधपुर तथा जोधपुर से भोपाल जाने वाली सवारी गाडी को एक्सप्रेस कर दिया तथा इसके बाद कोटा जयपुर तथा फुलेरा कोटा सवारी गाडी को भी एक्सप्रेस कर दिया गया है।

ऐसे में अब इन गाडियों का किराया जहां पहले न्यूनतम दस रुपए था वहीं अब न्यूनतम तीस रुपए हो गया है। ऐसे में आम आदमी की जेब पर लगतार बोझ पडता जा रहा है तथा अधिकारियों का इस ओर बिल्कुल ध्यान नहीं है। ऐसा नहीं है कि इस मामले में अधिकारियों को अवगत नहीं कराया जा रहा हो। स्वयं सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया ने संसद में प्रश्नकाल के दौरान समस्या उठाई तथा दो बार रेल मंत्री को ज्ञापन भी दिया, लेकिन कोई भी यात्रियों का दर्द समझने को तैयार नहीं है।

जगह जगह खड़ी रहती हैं

रेलवे ने जो चार गाडियों को एक्सप्रेस में बदला है, उनकी सुविधाओं के साथ साथ संचालन में भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यात्रियों ने बताया कि शाम के समय जोधपुर से भोपाल जाने वाली गाडी को कई स्थानों पर क्रॉसिंग के नाम पर खडा किया जाता है। चौथ का बरवाडा से सवाई माधोपुर के बीच काफी समय पीछे से आने वाली गाडियों को निकालने के लिए इन्हें खडा कर दिया जाता है। इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। यात्रियों ने बताया कि जब रेलवे एक्सप्रेस का किराया ले रहा है तो संचालन भी एक्सप्रेस की तरह करना चाहिए।

आम आदमी पर बोझ

जयपुर सवाई माधोपुर मार्ग पर रेल सुविधाएं बढने के बजाय कम हो रही है। सवारी गाडियों को बिना किसी परिवर्तन के एक्सप्रेस कर आम आदमी पर बोझ डाला जा रहा है। इस बारे में उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया जा चुका है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से सभी परेशान है।

-भूपेंद्र शर्मा, अध्यक्ष, डेली अपडाउन संघ

चौथ का बरवाड़ा. कस्बे के प्लेटफार्म पर अधूरा पडा एफओबी का कार्य।

खबरें और भी हैं...