रेलवे नियमों का उल्लंघन करने पर 43 लोगों पर की कार्रवाई
सवाईमाधोपुर। रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सवाई माधोपुर के निरीक्षक बचन सिंह के निर्देशन में उप निरीक्षक बीरबल सिंह, उप निरीक्षक दशरथ सिंह व सहायक उप निरीक्षक रामेश्वर ने मय स्टाफ के रेलवे नियमों का उल्लंघन करने वाले 43 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की।
आरपीएफ प्रभारी ने बताया कि गाड़ी संख्या 59805 जयपुर बयाना फास्ट पेसेंजर के दिव्यांग डिब्बे में अनधिकृत यात्रा करने वाले 13 व्यक्तियों, लगेज डिब्बे में अनधिकृत यात्रा करने वाले 12 व्यक्तियों, रेलवे स्टेशन पर अनधिकृत लाइन क्रॉस करने वाले चार व्यक्तियों, एक को रेलवे स्टेशन पर न्यूनसेन्स फैलाने, एक व्यक्ति को बिना उचित कारण चैन पुलिंग करने, 4 व्यक्तियों को अवैध खाद्य सामग्री बेचने, एक व्यक्ति को महिला बोगी में यात्रा करने तथा 7 व्यक्तियों को नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर पकड़ कर रेल अधिनियम के तहत कार्रवाई की। सभी आरोपियों को रेलवे कैंप सवाई माधोपुर में रेलवे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।