परशुराम जयंती आज, जिले में होंगे कार्यक्रम
जिला मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में 18 अप्रैल को भगवान परशुराम का जन्मोत्सव धूमधाम से हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर दिनभर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं तथा पुरुष भाग लेंगे। वहीं जिला मुख्यालय पर बैंडबाजों के साथ भगवान परशुराम की शोभायात्रा निकाली जाएगी।
सनाढ्य गौड़ ब्राह्मण समाज मानटाउन द्वारा 18 अप्रेल को परशुराम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर शोभायात्रा निकाली जाएगी। सनाढ़य गौड़ ब्राह्मण समाज मानटाउन के अध्यक्ष किशन शर्मा ने बताया कि परशुराम जयंती पर शाम पांच बजे राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन से भगवान परशुराम की शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो बैंडबाजों तथा विभिन्न झांकियों के साथ मुख्य बाजार से गुजरेगी। उन्होंने बताया कि शोभायात्रा में शामिल होने के लिए समाज के लोगों द्वारा घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया गया। साथ ही उनसे परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गई है। इस दौरान ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष किशन शर्मा, कोषाध्यक्ष राधेश्याम शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. नगेंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, संगठन मंत्री रितेश भारद्वाज, मंत्री नरेश शर्मा, संयुक्त मंत्री गोविंद शर्मा आदि ने लोगों से संपर्क कर उन्हें पीले चावल बांटे तथा अधिक से अधिक संख्या में शोभायात्रा में शामिल होने का आह्वान किया।
आवासन मंडल में भी निकलेगी शोभायात्रा
महर्षि परशुराम सेवा समिति सनाढ्य गौड़ ब्राह्मण समाज आवासन मंडल सवाई माधोपुर के तत्वावधान में भगवान परशुराम का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन मंगलवार से शुरू हो गया है। समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर नवनिर्मित भवन पर मंगलवार को सुबह 7:15 बजे से अखंड रामायण पाठ शुरू हुआ। अगले दिन 18 अप्रैल को सुबह 10:15 बजे अखंड रामायण पाठ की पूर्णाहुति और दोपहर 12:15 बजे से नवीन कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह होगा। अंत में दोपहर 4:15 बजे से भगवान परशुरामजी की शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो संकटमोचन हनुमान मंदिर सेक्टर एक से परशुराम आश्रम श्याम वाटिका तक पहुंचेगी।
बौंली में परशुराम जयंती महोत्सव के तहत मेंहदी प्रतियोगिता
बौंली. श्री परशुराम नवयुवक मंडल ब्रह्म समाज द्वारा आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता में बच्चियां और महिलाएं अपनी मेहंदी दिखाती हुई।
बौंली| श्री परशुराम नवयुवक मंडल ब्रह्म समाज बौंली के तत्वावधान में श्री परशुराम जयंती महोत्सव सप्ताह के तहत मंगलवार को श्रीराम मंदिर में मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मंडल के अध्यक्ष अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में कनिष्ठ वर्ग में सात एवं वरिष्ठ वर्ग में 16 प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। निर्णायक के रूप में मुन्नीदेवी शर्मा, मंजू शर्मा एवं अर्पणा शर्मा थी, जिन्होंने प्रतियोगियों द्वारा बनाई गई मेंहदी का मूल्यांकन कर अपना निर्णय लिफाफे में बंद कर रखा। परिणाम 18 अप्रेल को जारी किया जाएगा। वहीं इसी दिन परशुराम जयंती के अवसर पर बौंली में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं तथा पुरुष भाग लेंगे।
खिरनी| कस्बे के सब्जी मंडी स्थित शिवालय में ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष सुरेश चंद वैद्य की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। इसमें परशुराम जयंती की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। साथ ही 18 अप्रैल को सुबह 8 बजे भगवान परशुराम की शोभा यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया। बैठक में वेंकटरमन शर्मा, सतीश चंद्र मिश्रा सहित कार्यकारिणी के कई लोग उपस्थित थे।
कुस्तला| कस्बे में 18 अप्रैल को परशुराम जयंती मनाई जाएगी। मंदिरों में भजन-कीर्तन के साथ घरों में पताकाएं फहराई जाएंगी।