राष्ट्रीय पोषण मिशन के तहत आज ग्राम पंचायतों में होंगी विशेष सभाएं
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 8 मार्च 2018 को 0-6 वर्ष के बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं के पोषण स्तर सुधार के लक्ष्य के साथ राष्ट्रीय पोषण मिशन (पोषण अभियान) का औपचारिक शुभारम्भ के बाद अब जिलों में 14 अप्रैल अम्बेडकर जयन्ती के अवसर पर राष्ट्रीय पोषण मिशन के अन्तर्गत विशेष ग्राम सभाएं आयोजित होंगी। इसी के तहत सवाई माधोपुर जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में शनिवार 14 अप्रैल को विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी। अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेश कुमार यादव ने बताया कि पोषण मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के अन्तर्गत महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, पेयजल एवं स्वच्छता, ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, शिक्षा एवं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग तथा अन्य संबंधित लाइन विभागों के मध्य सामन्जस्य कर 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयन्ती के अवसर पर विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि इन विशेष ग्राम सभाओं के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि बच्चों के जन्म के एक घण्टे के अन्दर बच्चे को स्तनपान कराना, बच्चे की 6 माह की आयु तक सिर्फ स्तनपान ही कराया जाए, सही समय पर बच्चों को संपूरक पोषाहार शुरू करवाया जाए तथा उसकी गुणवत्ता, मात्रा, आवृत्ति पर ध्यान दिया जाए। अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि मातृ शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस पर सभी गर्भवती महिलाएं, 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों की माताएं एवं किशोरी बालिकाओं की सहभागिता अनिवार्य है। सभी गर्भवती महिलाओं का वजन लिया जाएगा एवं ममता कार्ड में इसका रिकॉर्ड रखा जायेगा। गर्भवती महिलाओं का गर्भावस्था के दौरान 10 किग्रा वजन में वृद्धि होती है। अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि पोषण अभियान की सफलता के लिए पंचायतीराज की भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण है। जिले में जिला परिषद की ओर से संबंधित विभागों में समन्वय स्थापित करते हुए विशेष ग्राम सभाओं के माध्यम से जिले को कुपोषण मुक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।