- Hindi News
- National
- कानूनी सेवा लाभों से वंचित व्यक्तियों को विधिक योजनाओं के बारे में बताया
कानूनी सेवा लाभों से वंचित व्यक्तियों को विधिक योजनाओं के बारे में बताया
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के एक्शन प्लान की अनुपालना में एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार तालुका विधिक सेवा समिति खंडार के तत्वावधान में गाडिया लोहार बस्ती, रामेश्वर मोड़ खंडार में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति खंडार तापस सोनी द्वारा उपस्थित लोगों, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों को कच्ची बस्तियों एवं झुग्गी झोपड़ियों में निवास करने एवं अन्य विधिक सेवा लाभों से वंचित व्यक्तियों के लिए विधिक सेवा योजनाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही नालसा की असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए विधिक सेवा योजना 2015 की विस्तृत रूप से जानकारी देकर उपस्थित लोगों को इस योजना के उद्देश्यों के बारे में बताया।
उन्होंने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन की व्यवस्था का इस्तेमाल सभी वर्ग के असंगठित कामगारों की पहचान करना एवं उन्हें पंजीकृत कराना, कामगारों में वर्तमान विधान एवं योजनाओं के अंतर्गत उनकी पात्रता के बारे में सूचना फैलाना, असंगठित क्षेत्र के सभी वर्गों के कामगारों की अनेक वर्ग के लिए उपलब्ध योजनाओं के अंतर्गत संबंधित प्राधिकरण में उनके पंजीकरण के लिए सहायता एवं सलाह देना, कामगारों को योजनाओं के लाभ को प्राप्त करने में सहायता देना एवं जिनके लिए वे अपनी जरूरत या योग्यता के अनुसार पंजीकृत है आदि के बारे में विस्तृत रुप से जानकारी दी।
इन गांवों में भी आयोजित हुए शिविर: इसी प्रकार एक्शन प्लान की अनुपालना में पैनल अधिवक्ता हरी लाल बैरवा द्वारा राजकीय प्राथमिक विद्यालय बानी पुरा खंडार, पैरा लीगल वालंटियर महेश बेरवा एवं बीना मिश्रा द्वारा ग्राम पंचायत बहरावंडा खुर्द, पैरा लीगल वालंटियर विनोद कुमावत द्वारा ग्राम पंचायत गोठ बिहारी, पैरा लीगल वालंटियर कैलाश बैरवा द्वारा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय रांवरा में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया। यहां पर भी उपस्थित लोगों को कानूनी जानकारी प्रदान की एवं विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं के पंपलेट, पोस्टर वितरित कर लोगों को लाभांवित किया गया। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैनल अधिवक्ता वीरेंद्र कुमार वर्मा ने ग्राम बंबोरी में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन कर लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
सरकारी योजनाओं के बारे में दी जानकारी
सवाई माधोपुर | खैरदा पुलिया के नीचे टोंक बस स्टैंड के पास शुक्रवार को विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सवाई माधोपुर सानिया हाशमी द्वारा कच्ची बस्तियों एवं झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को सरकार की ओर से दी जा रही विभिन्न प्रकार की सहायता एवं इनको दिए जाने वाले विधिक सेवा लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही विधिक सेवा लाभों से वंचित व्यक्तियों को जागरूक किए जाने के बारे में भी बताया। इस अवसर पर कई महिलाएं तथा पुरुष मौजूद थे।
बालविवाह रोकथाम के बारे में बताया
बालेर| तालुका विधिक सेवा समिति के तत्वावधान में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन शुक्रवार को अटल सेवा केंद्र रेडावद में किया गया। इसमें पीएलवी दिनेश कुमार बैरवा ने कच्ची बस्तियों एवं झुग्गी झोपड़ियों में निवास करने वाले लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर सचिव प्रेमचंद योगी, रोजगार सहायक देवी शंकर शर्मा, सुरक्षा गार्ड हरिवल्लभ जाट सहित कई लोग मौजूद थे। इसी प्रकार अटल सेवा केंद्र क्यारदा कलां में भी बाल विवाह रोकथाम व इसके दुष्परिणामों की जानकारी ग्राम विकास अधिकारी मांगीलाल गुर्जर ने उपस्थित लोगों को दी।
वक्ताओं ने विधिक अधिकारों पर की चर्चा
बौंली | उपखंड के ग्राम बासटोरड़ा में शुक्रवार को विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पैनल अधिवक्ता गणपत लाल गुर्जर एवं पैरालीगल वॉलंटियर हरिप्रसाद जाबडोलिया ने उपस्थित लोगों को कच्ची बस्तियों एवं झुग्गी झोंपडियों में रहने वाले लोगों के विधिक अधिकारों की जानकारी दी।
सवाई माधोपुर. खंडार में विधिक साक्षरता शिविर के दौरान लोगों को योजनाओं की जानकारी देते वक्ता।