सवाई माधोपुर धरोहरों का भंडार, इनका संरक्षण जरूरी
रणथंभौर विकास समिति की ओर से बजरिया टोंक रोड स्थित आदर्श विद्या मंदिर में विश्व विरासत दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलेक्टर महेंद्र लोढ़ा थे तथा अध्यक्ष कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर विकास न्यास के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगरपरिषद सभापति डॉ. विमला शर्मा मौजूद थे। रणथंभौर विकास समिति के अध्यक्ष गोकुलचंद गोयल ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा गणेशजी, सरस्वती एवं राव हम्मीर के चित्र पर माल्यार्पण कर तथा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद आदर्श विद्या मंदिर की बालिकाओं द्वारा सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी गई। एडीएम महेंद्र लोढ़ा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी प्राकृतिक, भौगोलिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक संपदाएं धरोहर है। इनका संरक्षण कर नई पीढ़ी को इस बारे में जानकारी देनी चाहिए। सवाई माधोपुर जिला इन धरोहरों का भंडार है। इनका संरक्षण करना हम सब का कर्त्तव्य है। विशिष्ट अतिथि डॉ. विमला शर्मा ने नगरपरिषद द्वारा पुराने जलस्रोतों के संरक्षण पर इन दिनों चलाए जा रहे कार्यक्रमों की बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही जनसहयोग का आह्वान किया। अध्यक्षता कर रहे नगर विकास न्यास के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल ने ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण पर जोर देकर सभी प्रकार के सहयोग के लिए आगे आने का आह्वान किया। समिति के अध्यक्ष गोकुलचंद गोयल ने कार्यक्रम के महतव पर प्रकाश डालते इससे आमजन के जुड़ने का सहयोग मांगा।