- Hindi News
- National
- तेज अंधड़ के बाद बारिश, टिनशेड उड़े, गोज्यारी गांव में दीवार के नीचे दबने से चार लोग घायल
तेज अंधड़ के बाद बारिश, टिनशेड उड़े, गोज्यारी गांव में दीवार के नीचे दबने से चार लोग घायल
मलारना स्टेशन. क्षेत्र में आया तेज अंधड़।
भास्कर न्यूज | भाड़ौती
कस्बे सहित आसपास के गांव में मंगलवार को अचानक मौसम ने करवट बदली और करीब दोपहर करीब तीन बजे से तेज अंधड़ शुरू हो गया। मकान की दीवार के नीचे दबने से गोज्यारी गांव में तीन बालिकाओं सहित चार जने घायल हो गए तथा भारजा नदी गांव में भी कई घरों के टिन शेड उड़ गए। हरिकेश गुर्जर के घर करीब एक ही परिवार के बच्चे महिला-पुरुष सहित 10-12 परिवार के लोग बैठे हुए थे। तेज अंधड़ से मकान की दीवार लगे टिनशेड उड़कर दूर खेतों में जाकर गिरे और दीवार वहां बैठे परिवार के सदस्यों के ऊपर गिर गई। इससे परिवार के कई सदस्य दीवार के नीचे दब गए, जिससे हरि भजन पुत्र हरकेश गुर्जर, निशा पुत्री बलराम गुर्जर, अंकिता पुत्री हनुमान गुर्जर व रेखा गुर्जर घायल हो गए। मकान की दीवार ढहने व टिन शेड उड़ने के साथ पुत्र के घायल हो जाने के गम से हरि भजन की मां गीता देवी भी अचेत हो गई। वहां मौजूद लोगों ने दीवार के मलबे के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाल कर घायलों को पीएचसी भाड़ौती लाए, जहां से चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार कर निशा, हरि भजन व गीता देवी को सामान्य चिकित्सालय सवाई माधोपुर रेफर कर दिया।
इसी प्रकार भारजा नदी गांव में तेज अंधड़ से गोट्या मीना व देवपाल मीणा के घरों के टिन शेड उड़ गए और प्रीतम चंद के मकान का छज्जा टूट कर गिर गया। गनीमत रही कि जिस वक्त मकान का छज्जा टूटा उस वक्त सब मकान के अंदर बैठे हुए थे, जिससे हादसा टल गया। लेकिन तेज अंधड़़ से कई अमरूदों के हरे पेड़ सहित अन्य पेड़ भी धराशायी होकर गिर गए। तेज अंधड़ के साथ हल्की बारिश हुई। वहीं दूसरी ओर से हल्की बरसात के दौरान भारजा नदी गांव तथा तारणपुर गांव में चने के आकार के ओले गिरने की भी जानकारी मिली है। (देखें पेज 17 पर)
भाड़ौती. भारजा नदी में बबूल के पेड़ में लटका घरों से उड़कर आया टिन शेड।
मकान का छज्जा टूटा, पेड़ धराशायी
बाटोदा टोल प्लाजा धराशायी
बाटोदा| भाडौती-मथुरा हाइवे पर बाटोदा कस्बे के पास बना टोल प्लाजा मंगलवार शाम चार बजे आए अंधड़ में धराशायी हो गया। तीनों पिलर जमीन से उखड़ गए और पिलरों पर खड़ा टोल प्लाजा का बड़ा बोर्ड नीचे गिर गया तथा पिलर टोल बूथों पर जा गिरे। एक घंटे तक हाइवे पर यातायात बंद रहा। टोल नाका इंचार्ज विजेंद्र चौधरी ने बताया कि अंधड़ से कैनोपी हिलने लगी, हालात देखते हुए टोल कार्मिकों ने दोनों तरफ यातायात रोक दिया और खुद बाहर आ गए, देखते ही देखते टोल धराशायी हो गया। बाद में टोल वसूली रोक दी गई। टोल पर एक करोड़ का नुकसान हुआ है।
भाड़ौती-मथुरा
हाइवे पर टोल कर्मियों ने बाहर आकर बचाई जान
एक घंटे
तक यातायात ठप
टोल वसूली रोकी
एक करोड़
का हुआ नुकसान