किसानों को उपकरण की खरीद पर मिलेगा 50% अनुदान
कार्यालय संवाददाता | सवाई माधोपुर
काश्तकारों की आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए कृषि विपणन बोर्ड ने काश्तकारों के लिए फसलोत्तर प्रबंधन एवं मूल्य संवर्धन मशीन व उपकरण अनुदान एवं प्रदर्शन योजना शुरू की है। काश्तकारों को अब कृषि उपकरण की खरीद पर 50 प्रतिशत का अनुदान मिलेगा।
योजना का क्रियान्वयन कृषि उपज मंडी समितियों के माध्यम से कृषि विपणन बोर्ड की ओर से किया जाएगा। जहां बोर्ड में पंजीकृत मशीन, उपकरण निर्माता या अधिकृत विक्रेताओं से मोल भाव तय कर फसलोत्तर प्रबंधन एवं मूल्य संवर्धन मशीन व उपकरण क्रय करने पर अनुदान दिया जाएगा। योजना के तहत यदि मशीन व उपकरणों की मांग अधिक या मंडी को आवंटित मशीन व उपकरणों की संख्या कम रहने पर गठित कमेटी द्वारा लॉटरी निकाल पात्र कृषकों को लाभ दिया जाएगा।
योजना
फसलोत्तर प्रबंधन एवं मूल्य संवर्धन मशीन व उपकरण अनुदान एवं प्रदर्शन योजना शुरू
ऐसे मिलेगा अनुदान
योजना के तहत इच्छुक व चयनित कृषक लाभार्थी को पंजीकृत निर्माता या अधिकृत विक्रेता से मशीन व उपकरण खरीदने से पहले मंडी सचिव को जमा बंदी की नकल, बैंक पासबुक की फोटो कॉपी के साथ स्वयं की पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड सहित प्रार्थना पत्र देना होगा। इसके बाद मंडी स्तर पर गठित कमेटी की ओर से पात्र कृषकों का चयन किया जाए। कमेटी की ओर से आवंटित बजट की सीमा में कमेटी के निर्णयानुसार पात्र कृषकों को मशीन व उपकरण खरीदने की अनुमति दी जाएगी। लाभार्थी काश्तकार किसी भी पंजीकृत निर्माता या अधिकृत विक्रेता से मशीन व उपकरण की पूरी कीमत चुका कर खरीदने के लिए स्वतंत्र होगा।
किसान खुद भी खरीद सकेंगे खेती के उपकरण : बोर्ड की ओर से मशीन या उपकरण की कीमत निर्धारित नहीं होने से काश्तकार किसी भी कीमत पर मशीन की खरीद कर सकेगा। काश्तकार की ओर से खरीदी गई मशीन या उपकरण का 15 दिन में संबंधित ग्राम पंचायत के कृषि पर्यवेक्षक की ओर से भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट मंडी कमेटी को देगा। पर्यवेक्षक की रिपोर्ट के बाद मंडी प्रशासन काश्तकार के बैंक खाते में खरीद का 50 प्रतिशत अनुदान राशि जमा कर भुगतान करेगा।