कई जगहों पर पक्षियों के लिए बांधे परिंडे
दैनिक भास्कर के सामाजिक सरोकार कार्यक्रम के तहत चलाए जा रहे अभियान के दौरान मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग संगठनों एवं व्यक्तियों द्वारा भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए परिंडे बांधे गए तथा उनमें नियमित पानी डालने की जिम्मेदारी ली गई। इसके साथ अन्य लोगों को भी परिंडे बांधने के लिए प्रेरित किया गया।
एनसीसी कैडेट्स ने कॉलेज परिसर में बांधे परिंडे : दैनिक भास्कर और शहीद कैप्टन रिपुदमन सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सवाई माधोपुर की एनसीसी इकाई के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को महाविद्यालय के उत्तरी एवं दक्षिणी परिसर में पक्षियों के लिए 21 परिंडे बांधे गए। एनसीसी अधिकारी कैप्टन डॉ. ओ.पी. शर्मा ने बताया कि एनसीसी इकाई द्वारा गर्मियों में विभिन्न स्थानों पर 101 परिंडे बांधने का कैडेट्स को संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर एनसीसी के अंडर ऑफिसर उपेंद्र प्रजापत, चैतन्य सिंहल, राजकुमार मीना, विवेक बेनीवाल ने भी विचार व्यक्त किए तथा उनमें नियमित पानी डालने की जिम्मेदारी ली।
महावीर नगर में बांधे परिंडे : जिले में दैनिक भास्कर द्वारा चलाए जा रहे आइए पक्षियों का बने सहारा अभियान के तहत मंगलवार को योग सेवा दल समिति द्वारा महावीर नगर में लोगों द्वारा भीषण गर्मी को देखते हुए कई पेड़ों पर पक्षियों के लिए परिंडे बांधे गए। साथ ही उसमें पानी भरकर दूसरे लोगों को प्रेरित करने व नियमित पानी भरने का संकल्प लिया।
महिलाओं ने बांधे परिंडे : कनकवीर हनुमान मंदिर पार्क में चल रहे निशुल्क योग शिविर में मंगलवार को महिलाओं ने स्वस्थ रहने के साथ-साथ पक्षियों की भूख प्यास मिटाने के लिए दान पानी अभियान का शुभारंभ किया। पतंजलि महिला योग समिति की जिला महिला मंत्री मीना शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला महिला पतंजलि योग समिति संरक्षक सुनीता गुप्ता ने महिलाओं को योग के गुर सिखाए ओर योग के साथ साथ समाज व पर्यावरण की रक्षा के लिए सभी बहनोंं को संकल्प दिलाया। इस अवसर पर जिला माह मंत्री मीना शर्मा ने सभी बहनो को योग को दैनिक चर्या बनाने की प्रेरणा देते हुए घरेलू नुस्खों ओर जड़ी बूटियों की जानकारी प्रदान करते हुए पक्षियों के लिए चुग्गा पात्र एवं परिंडे बांधे। इस अवसर कृष्णा शर्मा, इंद्रा जांगिड़, गीता शर्मा, संतरा शर्मा, मुन्नी सोनी आदि मौजूद रहे।
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को पिलाया जा रहा है ठंडा पानी : भारत विकास परिषद सवाई माधोपुर, रेलवे स्काउट गाइड सवाई माधोपुर तथा मीना समाज सेवा संस्थान सवाई माधोपुर के कार्यकर्ताओं द्वारा इन दिनों रेलवे स्टेशन पर अपनी ओर से यात्रियों को जल सेवा दी जा रही है।
सवाई माधोपुर. दैनिक भास्कर के अभियान के तहत महावीर नगर में परिंडे बांधते लोग।
रवांजना चौड़ व रवांजना डूंगर क्षेत्र में बांधे परिंडे
पीपलवाड़ा| दैनिक भास्कर के सामाजिक सरोकार कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत रवांजना चौड़ व रवांजना डूंगर क्षेत्र में करीब 21 स्थानों पर ग्राम विकास समिति अध्यक्ष बनवारी सिंह अवाना के नेतृत्व में लोगों ने परिंडे बांधे तथा पक्षियों के लिए नियमित दाने-पानी की व्यवस्था करने का संकल्प लिया। रवांजना चौड़ के वार्ड नंबर छह, ग्राम अवाना की ढाणी में शंकरजी के स्थान, भौमियाजी के स्थान सहित अन्य जगहों पर परिंडे बांधे गए। इस अवसर पर नाथूलाल गुर्जर, श्योजी अवाना, दिलराज सिंह, अशोक, प्रभू सिसोदिया आदि लोग मौजूद थे।
परिंडे बांध कर लिया पानी भरने का संकल्प
सूरवाल| दैनिक भास्कर के सामाजिक सरोकार अभियान के तहत कस्बे के योगी मोहल्ले में ग्रामीणों ने पक्षियों के पानी के परिंडे बांधकर इनमें गर्मी के दौरान पक्षियों के लिए पानी भरने का संकल्प लिया गया। सौभाग्य मल योगी सहित अन्य ग्रामीणों ने भास्कर के अभियान को सराहनीय बताते हुए सबको इस मुहिम से जुड़ने का आह्वान किया। इस मौके पर गांव के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।