कार्यालय संवाददाता | सवाई माधोपुर
सवाई माधोपुर कुंडेरा मार्ग पर शनिवार को गणेशधाम के पास तूड़ी के ओवरलोड ट्रक से उलझकर विद्युत तार टूट कर वहां से गुजर रही महिला पर गिर गया। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। शव को 108 एम्बूलेंस की सहायता से जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजन मृतका के पति घनश्याम पुत्र जयराम मीना निवासी छारोदा ने कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
कोतवाली थाना पुलिस ने बताया कि छारोदा निवासी सीतादेवी अपने पति घनश्याम मीना के साथ गणेशधाम के पास से पैदल जा रहे थे। इस दौरान तूड़ी के ट्रक में उलझकर टूटा विद्युत तार सीतादेवी पर आकर गिर गया। करंट की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस सम्बन्ध में मृतका के पति ने कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया है।
तूड़ी से ओवरलोड ट्रक से टूट कर गिरा तार, करंट से महिला की मौत
जिले में इस तरह से दौड़ रहे हैं तूड़ी से ओवरहाइट वाहन
अनदेखी : परिवहन विभाग नहीं करता कार्रवाई
जिले से होकर निकलने वाले ओवरलोड़ तूड़ी से भरे ट्रकों एवं अन्य वाहनों पर कार्रवाई का जिम्मा मुख्य रूप से परिवहन विभाग का है, लेकिन विभागीय अनदेखी के चलते जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट सहित सभी कच्चे पक्के मार्गों पर से ओवरलोड़ तूड़ी के वाहन आवाजाही करते हैं। इन ओवरलोड़ वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग का उड़न दस्ता भी काम करता है, लेकिन उड़नदस्ता मात्र खानापूर्ति कर अपने कार्य की इतिश्री करने के अलावा कुछ नहीं कर रहा है।
ओवरलोड़ वाहनों पर अंकुश नहीं : ओवरलोड तुड़ी के ट्रक कोतवाली थाना, मानटाउन थाना, सूरवाल थाना, भाड़ौती चौकी आदि थानों व चौकियों के सामने से धड़ल्ले से गुजरते हैं। हालांकि पुलिस ओवरलोड़ वाहनों पर कार्रवाई करती है, लेकिन कठोर व नियमित कार्रवाई नहीं होने तथा गड़बड़ी के चलते तुड़ी से भरे ओवरलोड़ वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पा रहा है। ऐसे में ओवरलोड़ तूड़ी से भरे वाहन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं, जिससे पूर्व में मोरेल नदी जैसे हादसों में बहुत बड़ी जनहानि जैसी कई घटनाएं हो चुकी है। इसी क्रम में आज इस महिला की मृत्यु की घटना है।