सवाई माधोपुर | दैनिक भास्कर की ओर से फर्स्ट स्टेप सेकंडरी इंग्लिश स्कूल का समर कैंप का शुभारंभ शनिवार शाम को हुआ। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर विकास न्यास के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल थे तथा अध्यक्षता सवाई माधोपुर पंचायत समिति प्रधान सूरजमल बैरवा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक हंसराज शर्मा मौजूद थे। फर्स्ट स्टेप के संचालक आचार्य लोकेंद्र शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया।
आचार्य लोकेंद्र शर्मा ने दैनिक भास्कर की ओर से फर्स्ट स्टेप द्वारा आयोजित किए जा रहे इस समर कैंप के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस एक माह के कैंप के दौरान डांस, इंग्लिश स्पोकन, पेंटिंग, पर्सनलिटि डवलपमेंट सहित अन्य गतिविधियां संचालित की जाएगी, जिनमें 6 से 14 वर्ष के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। कक्षाएं शनिवार से शुरू हो गई है। इसके लिए 22 मई तक पंजीयन किया जाएगा। इस अवसर पर दैनिक भास्कर के ब्यूरो चीफ प्रमोद शर्मा ने भास्कर के सामाजिक सरोकार पर प्रकाश डालते हुए मानव कल्याण के लिए तथा प्रकृति व जीवों की रक्षा के लिए अनेक कार्यक्रमों में जनसहभागिता के बारे में बताया। इसके साथ ही कार्यक्रम के अतिथियों ने भी इस कैंप की सराहना करते हुए कहा कि गर्मियों की छुट्टियों के दौरान समर कैंप आयोजित करना बच्चों के लिए काफी फायदेमंद रहता है। इस समर कैंप के दौरान बच्चें विभिन्न गतिविधियों में रूचि के साथ भाग लेते हैं।