सवाई माधोपुर | चौथ का बरवाड़ा थाना क्षेत्र के आदलवाड़ा से अपहरण के बाद मारपीट में गंभीर घायल राजेन्द्र उर्फ मिर्ची निवासी रेलवे कॉलोनी को जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है। जहां उसका उपचार चल रहा है। घायल के पर्चा बयान नहीं होने की स्थिति में चौथ का बरवाड़ा थाना में अपहरण के आरोपियों के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। चौथ का बरवाड़ा थाना पुलिस घायल के पर्चा बयान लेने जयपुर एसएमएस गई है। चौथ का बरवाड़ा थाना पुलिस के अनुसार घायल राजेन्द्र का एसएमएस अस्पताल में उपचार चल रहा है। शनिवार को घायल के दोनों पैरों का ऑपरेशन हुआ है। रविवार को हाथ का ऑपरेशन होगा। घायल के पर्चा बयान के बाद ही पुलिस मामला दर्ज करेगी।
उल्लेखनीय है कि आपसी रंजिश के चलते राजेन्द्र का दूसरे पक्ष के मारुफ उर्फ मामा, सद्दाम, धमेन्द्र उर्फ कल्लू शूटर, रामकेश टुप्पी ने चौथ का बरवाड़ा थाने के आदलवाड़ा से अपहरण कर लिया था। गंभीर मारपीट के बाद आरोपी घायल को सूरवाल थाना क्षेत्र में पेट्रोल पम्प के पास पटक कर फरार हो गए थे। इस घटना ने क्षेत्र में पनप रही गैंग एवं उनके बेखौफ होने के संकेत दिए हैं।