सवाई माधोपुर | शहीद कैप्टन रिपुदमन सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय छात्र सैन्य वाहिनी कैडेट्स जर्नल 2018 का प्रकाशन किया जाएगा। एनसीसी अधिकारी कैप्टन (डॉ.) ओ.पी. शर्मा ने बताया कि एनसीसी कैडेट्स छात्र सैन्य प्रशिक्षण गतिविधियों के अलावा क्षेत्रीय सामाजिक सांस्कृतिक गतिविधियों एवं महत्व के आलेख का जर्नल प्रकाशन होगा। कैडेट्स जर्नल में स्थानीय कला, संस्कृति, योग, आध्यात्म दर्शन, वन्य जीव एवं जंगल, लोकगीत एवं संगीत पर्यावरण एवं सामाजिक सरोकार से जुडे आलेख प्रकाशित किए जाएंगे। प्रकाशन के लिए कैडेट्स अपने हस्तलिखित आलेख मय फोटोग्राफ एवं बायोडाटा के 25 मई तक एनसीसी कार्यालय में जमा करवा सकते हैं। चयनित आलेखों को बटालियन द्वारा प्रशंसा प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
एनआरएचएम कार्मिकों का धरना जारी
सवाई माधोपुर | नियमितिकरण की मांग को लेकर एनआरएचएम कार्मिकों का कलेक्ट्रेट के समक्ष शनिवार को 83वें दिन भी धरना जारी रहा। जिलाध्यक्ष रूपसिंह ने बताया कि एनआरएचएम प्रबंधकीय वर्ग द्वारा संसदीय सचिव जितेन्द्र गोठवाल से मुलाकात कर मांगों से अवगत कराया गया। गोठवाल ने मुख्यमंत्री से मांगों को लेकर वार्ता करने का आश्वासन दिया। जिलाध्यक्ष ने बताया कि मांगे पूरी नहीं होने तक धरना जारी रहेगा।
कल होने वाली कोटा विवि की परीक्षा की बैठक व्यवस्था निर्धारित
सवाई माधोपुर | शहीद कैप्टन रिपुदमन सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सवाई माधोपुर में 21 मई को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित होने वाली कोटा विश्वविद्यालय कोटा की बीए पार्ट प्रथम पर्यावरण अध्ययन के परीक्षार्थियों की बैठक व्यवस्था निर्धारित की गई है। महाविद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि महाविद्यालय के उत्तरी परिसर में रोल नंबर 212954 से 213159 तथा 291945 से 295929 तक परीक्षार्थी बैठेंगे और शेष परीक्षार्थी महाविद्यालय के दक्षिणी परिसर में परीक्षा देंगे।
21 जून को मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
सवाई माधोपुर | विश्व जनसंख्या को स्वास्थ्य, बीमारियों की रोकथाम एवं जीवन शैली संबंधी विकारों के प्रबंधन एवं जीवन को पूर्णतावादी दृष्टिकोण देने के लिए आयुर्वेद एवं भारतीय चिकित्सा विभाग के निर्देशानुसार 21 जून को चौथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। आयुर्वेद विभाग के उप निदेशक डॉ. बृज बल्लभ शर्मा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय आयोजन जिला मुख्यालय पर पुलिस परेड ग्राउंड पर प्रात: 7 से 8 बजे तक आयोजित किया जाएगा। जिसमें भाग लेने वाले लोगों को योगाभ्यास कराया जाएगा। साथ ही सभी उपखण्ड मुख्यालयों के साथ ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
बहरावंडा खुर्द में मेहंदी प्रतियोगिता 22 को
बहरावंडा खुर्द | दैनिक भास्कर के सामाजिक सरोकार अभियान के तहत वीणा चिल्ड्रन एकेडमी स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में कस्बे में 22 मई को मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। विद्यालय के प्रधानाध्यापक हनुमान प्रसाद सैनी ने बताया कि मेहंदी प्रतियोगिता के लिए 20 व 21 मई को वीणा चिल्ड्रन एकेडमी में प्रातः 8 बजे से 11 बजे तक पंजीयन किया जाएगा।
एकल गायन एवं एकल नृत्य प्रतियोगिता 25 को
भगवतगढ़ | दैनिक भास्कर के सामाजिक सरोकार एवं टेलेंट सर्च के तहत विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में दैनिक भास्कर एवं शिवाजी स्कूल भगवतगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में शिवाजी स्कूल प्रांगण में 25 मई को रात्रि आठ बजे बालक एवं बालिकाओं की एकल गायन एवं एकल नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन होगा। प्रतियोगिता में बालक एवं बालिकाएं भाग ले सकते है। पंजीयन शिवाजी स्कूल के व्यवस्थापक मुरारी लाल खांडल के पास करवाया जा सकता है। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।