सवाई माधोपुर. कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान पीएम का पुतला फूंकते कांग्रेसी।
नसं| सवाई माधोपुर
कर्नाटक में विधानसभा चुनावों के बाद सरकार बनाने को लेकर भाजपा की केंद्र सरकार द्वारा अपनाए गए मनमानीपूर्ण रवैये के विरोध में शुक्रवार को जिला कांग्रेस की ओर से कलेक्ट्रेट के समक्ष प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस के अध्यक्ष शिवचरण बैरवा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला भी जलाया गया। इससे पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ता महावीर पार्क में एकत्रित हुए बाद में नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां मौजूद लोगों को सम्बोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस के सचिव डॉ. अजीज आजाद एवं जिलाध्यक्ष शिव चरण बैरवा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार अहंकार में डूबकर मनमानीपूर्ण रवैये से लोकतंत्र का गला घोंटने पर उतारू है। जनतांत्रिक अधिकारों और विपक्षी पार्टियों को कुचला जा रहा है। देश की संवैधनिक संस्थाओं का खुला दुरूपयोग किया जा रहा है।