मलारना चौड़. ऋग्वेद पारायण महायज्ञ के शुभारंभ अवसर पर कस्बे के मुख्य मार्गों से गुजरती शोभायात्रा में शामिल लोग।
भास्कर न्यूज | मलारना चौड़
कस्बे स्थित सर्व हिताय सर्वोदय उच्च प्राथमिक प्राचीन वेद शिक्षा मंदिर में विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी ऋग्वेद पारायण महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इस महायज्ञ व प्रवचन कार्यक्रम का आयोजन सर्वोदय संन्यासी स्वामी आत्मानंद जी महाराज की प्रेरणा से किया जाता है। महायज्ञ का शुभारंभ शोभा यात्रा के साथ हुआ। शोभायात्रा वेद आश्रम से शुरू होकर कस्बे में मुख्य बाजार से गुजरती हुई कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। शोभा यात्रा का कस्बे में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान आर्य वीर दल के स्वयं सेवकों ने व्यायाम प्रदर्शन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम 18 मई से 22 मई तक संचालित होगा। कार्यक्रम में प्रदेश सहित अन्य प्रदेशों से आए हुए विद्वान जिनमें प्रमुखतः आचार्य सोमदेव आर्य अजमेर, आचार्य कर्मवीर आर्य अजमेर, रामनिवास आर्य हरियाणा, बहिन राजकुमारी शास्त्री दिल्ली, कुमारी निरेशा शास्त्री उत्तर प्रदेश, अपने ज्ञान पूर्ण प्रवचनों से आमजन को लाभान्वित करेंगी।
गणपति भजन संध्या में बही भजनों की सुर सरिता, भजनों पर झूमे श्रोता
सवाई माधोपुर| श्री त्रिनेत्र गणेश जागरण मंडल एवं गणेश परिवार की ओर से आलनपुर के पास एक मैरिज गार्डन में भजन संध्या का आयोजन हुआ। जिसमें भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत कर श्रोताओं को भक्ति रस करा पान करवाया। भजनों की प्रस्तुतियों पर श्रोता भक्ति रस के साथ भजनामृत कर पान करते हुए खूब झूमे।
भजनसंध्या का शुभारंभ गणपति की आराधना तू जो भी देना चाहे, देदे मेरे गणराज से किया। इसके बाद उन्होंने गणपति जब मेरे साथ तो डरने की क्या बात भजन की प्रस्तुति देकर गजानन की भक्ति की महिमा का बखान किया। आयोजन से जुड़े अशोक खूंटेटा ने बताया कि भजन संध्या में भजन गायकों ने म्हाने भी बुला ले गणपति तोरी नगरिया, समीक्षा अग्रवाल ने किस्मत वाले है जो तेरे दर पर आते है।
चेतना अग्रवाल ने सर पर हमेशा तेरा हाथ रहे गणपति भजन के माध्यम से भक्ति रस बरसाया। इसी प्रकार निशा सैनी, निक्की सैनी, रेखा सैनी,चेतन, शानू मंगल, निशा मंगल सहित अन्य गायकों ने भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं की वाहवाही पाई। सुबह चार बजे तक चली भजन संध्या को मंगल आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ विराम दिया गया।
संस्कार शिविर में बच्चे सीख रहे धार्मिक शिक्षा
सवाई माधोपुर| श्रमण संस्कृति संस्थान सांगानेर (जयपुर) एवं स्थानीय सकल दिगंबर जैन समाज की ओर से संचालित जैन श्रमण संस्कृति पाठशाला के संयुक्त तत्वावधान में शहर स्थित आदिनाथ दिगंबर जैन सांवलियान मंदिर परिसर में संस्कृति संस्कार शिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। 10 दिवसीय इस शिविर में बच्चे उत्साह के साथ धार्मिक शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। शिविर में करीब 90 बच्चों को चमत्कारजी के पं. उमेश जैन शास्त्री एवं सांगानेर के सम्राट जैन शास्त्री प्रशिक्षक की भूमिका निभाते हुए अनुशासित एवं आत्मीयता से सुबह-शाम जिनागम की शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। प्रशिक्षकों ने शिविर के महत्व की आवश्यकता पर विचार प्रकट करते हुए कहा कि धार्मिक शिक्षा के अभाव में वर्तमान पीढ़ी पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है।