सवाई माधोपुर| पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति मंच के जिलाध्यक्ष अशोक जैन ने प्रदेश अध्यक्ष नीरज चतुर्वेदी के निर्देश पर अपनी जिला कार्यकारिणी की घोषणा की है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि कार्यकारिणी में हरिमोहन मथुरिया, राधेश्याम गुर्जर, सवाई सिंह वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कालूराम मीना, देवीलाल बैरवा, शकुंतला तमोली, चन्द्रमोहन शर्मा, मुरारीलाल मीना, मनीष सिंह राजावत, सुनील शर्मा उपाध्यक्ष, जैन प्रकाश, हनुमान महावर, मोहम्मद अकरम, भरतसिंह चोबदार, विजय बसवाल मंत्री, विनोद सिंहल कोषाध्यक्ष, प्रीतम सिंह चौधरी मीडिया प्रभारी, दिनेश नाटाणी, नवरंग सिंह राजावत जिला महामंत्री बनाए गए हैं।
आज बड़ौद गांव में बांधे जाएंगे परिंडे
बहरावंडा कलां| दैनिक भास्कर के अभियान के तहत पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए ग्राम बड़ौद के मुख्य स्थानों पर 19 मई को परिंडे बांधें जाएंगे। साथ ही लोग इनमें नियमित पानी डालने का भी संकल्प लेंगे।
ग्राम शंकरपुरा में लगाया स्वास्थ्य शिविर
बहरावंडा कलां| उपस्वास्थ्य केन्द्र रेडावद के शंकरपुरा गांव में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 79 मरीजों का बहरावंडा पीएचसी के कर्मचारी किरोड़ी लाल मीना, लेब टेक्नीशियन राजाबाबू, वकार अली आदि कर्मचारियों के द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर के दौरान दिनेश बैरवा, राकेश बैरवा, बालमुकुंद, प्रेमराज एवं पूर्व सरपंच सीताराम बैरवा सहित गांव के अन्य लोग भी मौजूद थे।
जल सरंक्षण जागरूकता कार्यक्रम आज से, पेंशन सदन में जुटेंगे स्वयंसेवी
चौथ का बरवाड़ा| दैनिक भास्कर के सामाजिक सरोकार के तहत पेंशन समाज व अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से कस्बे में जल बचाने को लेकर जागरूकता कार्यक्रम शनिवार से चलाया जाएगा। इसके लिए भास्कर के जल मित्रों के साथ पेंशनर समाज के पदाधिकारी व समाजसेवी कस्बे के मोहल्लों में जाकर लोगों को जल की अहमियत बताएंगे तथा जहां पर नल खुले हैं, वहां पर टोंटियां लगाकर लोगों से जल बचाने का आग्रह किया जाएगा। पेंशनर समाज के अध्यक्ष शरीफ अहमद ने बताया कि पानी को लेकर लोगों में जागरूकता लाना आवश्यक है। ऐसे में इस अभियान के तहत घर घर जाकर लोगों से पानी बचाने का आग्रह किया जाएगा।
बालाजी कप क्रिकेट प्रतियोगिता कल से
भगवतगढ़| ग्राम पंचायत लोरवाड़ा के दौबड़ा खुर्द गांव में बालाजी क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में बालाजी कप प्रतियोगिता का आयोजन 20 मई से होगा। आयोजन से जुड़े विकास ने बताया कि प्रतियोगिता के शुभारंभ के मुख्य अतिथि धोली लाल, नरसी, मुकेश, रामजीलाल सहित अन्य अतिथि रहेंगे। अध्यक्षता सामाजिक कार्यकर्ता हरिसिंह द्वारा की जाएगी। विजेता एवं उप विजेता को ट्राफी एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
डेकवा ने घासड़ी को 38 रन से हराया
भगवतगढ़| ग्राम पंचायत डेकवा में चल रहे बीपीएल कप क्रिकेट प्रतियोगिता में शुक्रवार को खेले गए लीग मैच में डेकवा ने घासड़ी को 38 रन से हराकर बढ़त बनाई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डेकवा की टीम ने निर्धारित दस ओवर में 78 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी घासड़ी की टीम ने 40 रन पर ही ढेर हो गई। मैच में श्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर रमेश को दिया गया।
शहर हरसहायजी का कटला की गोशाला में बने खेळ का शुभारंभ कल
सवाई माधोपुर| शहर सवाई माधोपुर स्थित हरसहायजी का कटला में मोरचुगा के पास गोशाला में बनाई गई नई खेळों में चारा डाल कर खेळों का शुभारंभ 20 मई को सुबह 8 बजे आचार्यश्री निर्मलराम जी महाराज दांतडा धाम के द्वारा किया जाएगा। यह जानकारी गोसेवक हनुमान मित्तल ने दी है।
रमजान के दिनों में पानी-बिजली की माकूल हो व्यवस्था, सौंपा ज्ञापन
बौंली| रमजान के इस मुबारक महीने में लोगों के लिए नियमित रूप से बिजली एवं पानी की माकूल व्यवस्था करने की मांग को लेकर लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन दिया है। शाहरुख खान, कानजी मीना, सरफराज, रईस खां, आमीर खान, अरबाज खान आदि ने ज्ञापन देकर बताया कि रमजान के दिनों में कस्बे एवं ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को बिजली एवं पानी की परेशानी हो रही है। कस्बे में नलों में तीन दिन के अंतराल से 30 मिनट पानी आ रहा है जो बहुत कम है। ऐसे में रमजान के इस मुबारक महीने में बिजली एवं पानी की माकूल व्यवस्था करने की मांग की गई है।
पीपलवाड़ा गांव में नालियां अवरुद्ध, गंदा पानी सड़कों पर
हिंदूपुरा| ग्राम पंचायत पीपलवाड़ा में मुख्य बाजार से गुडला चंदन की तरफ जाने वाली तथा अरावली बैंक के सामने वाली रोड पर नालियां अवरुद्ध हो जाने से गंदा पानी जमा हो गया है, जिससे ग्रामीण परेशान है। नालियां अवरुद्ध हो जाने के कारण गंदा पानी आम रास्ते में बह रहा है। गांव के रूपसिंह कसाना ने बताया कि कस्बे कि नालियों की सफाई हुए बहुत दिन हो गए हैं। नाली में कचरा होने से वह बंद हो गई, जिससे गंदा पानी आम रास्तों और दुकानों के आगे एकत्रित हो रहा है। गांव के ही घनश्याम मीना और हीरालाल मीना ने बताया कि मीना मोहल्ले में भी नालियां जाम हो जाने से बीच सड़क पानी भरा हुआ है, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में ग्रामीणों ने प्रशासन से नियमित सफाई की मांग की है।