सवाई माधोपुर| भारतीय किसान संघ प्रदेश नेतृत्व के निर्णय के अनुसार 21 मई को प्रदेश भर में कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन कर अपनी 11सूत्रीय मांगों का ज्ञापन प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को दिया जाएगा। इससे पूर्व सुबह 11 बजे सभी कार्यकर्ता बजरिया स्थित महावीर पार्क में एकत्रित होंगे, जहां सभा होगी। इसके बाद सभी रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर वहां धरना प्रदर्शन करेंगे तथा कलेक्टर को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे। जिलाध्यक्ष रामावतार मीणा ने बताया कि यदि उक्त मांगों पर समय रहते निर्णय लेकर समाधान नहीं किया गया तो किसान संघ के 15 से 17 जून को होने वाले प्रदेश अधिवेशन में बड़े आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।
बौंली| भारतीय किसान संघ जिला सवाई माधोपुर के तत्वावधान में संपूर्ण कर्ज माफी फसल खराबा का मुआवजा दिलवाने की मांग को लेकर 21 मई को जिला मुख्यालय पर होने वाले प्रदर्शन में बौंली तहसील क्षेत्र के किसान भी भाग लेंगे। इस संबंध में भारतीय किसान संघ बौंली के तहसील अध्यक्ष कानजी मीना ने बताया कि प्रदर्शन में बौंली क्षेत्र के किसानों के भाग लेने के लिए उन्होंने कई कार्यकर्ताओं के साथ गावों के किसानों से संपर्क कर प्रदर्शन में पहुंचने की अपील की है।