सवाई माधोपुर. आलनपुर स्थित दिगम्बर जैन नेमिनाथजी की नसिया में आयोजित णमोकार महामंत्र का जाप व भक्तामर स्त्रोत के पाठ में मौजूद श्रद्धालु।
नसं | सवाई माधोपुर
आचार्य श्रीविद्यासागरजी महाराज के संयम स्वर्ण जयंती महोत्सव के तहत नेमिनाथ सोशल ग्रुप के तत्वावधान में मुनिश्री सुधासागरजी की प्रेरणा से सकल दिगंबर जैन समाज द्वारा शनिवार सांयकाल णमोकार महामंत्र का जाप व भक्तामर स्त्रोत पाठ का धर्म प्रभावना पूर्वक आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान नेमिनाथ की वेदी के समक्ष बीच किए गए दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। भक्ति के रंग से सराबोर आलनपुर स्थित दिगंबर जैन नेमिनाथजी की नसिया में जिनेन्द्र भक्तों द्वारा विनय पूर्वक णमोकार महामंत्र का जाप, 48 दीपकों के साथ रिद्धी-सिद्धी मंत्रों से भक्तामर स्त्रोत का पाठ व इसकी महिमा का गुणगान कर भगवान आदिनाथ की आराधना की। इस दौरान धर्मावलंबियों में जिनेन्द्र भक्ति का खूब रंग चढ़ा। समाज के भजन गायकों द्वारा प्रस्तुत भजनों में श्रद्धालुओं ने रमते हुए भक्ति नृत्य कर जिनेन्द्र देव को खूब रिझाया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम के अंत में भगवान आदिनाथ की संगीतमयी आरती उतारी गई। इस अवसर पर समाज के महिला-पुरुष व बच्चे काफी संख्या में मौजूद थे।
ऋग्वेद पारायण महायज्ञ के तीसरे दिन वेदोपदेश सुनने पहुंचे लोकायुक्त
मलारना चौड़| कस्बा स्थित सर्व हिताय सर्वोदय वेद आश्रम पर चल रहे पांच दिवसीय ऋग्वेद पारायण महायज्ञ के तीसरे दिन प्रात:काल के समय व्यायाम आसन व प्राणायाम कार्यक्रम आचार्य कर्मवीर अजमेर द्वारा शुरू करवाया गया। इसके बाद यज्ञ के ब्रह्म आचार्य सोमदेव अजमेर द्वारा यज्ञ करवाया। दोपहर सत्र में भजनोपदेशक द्वारा भजन सुनाने का कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान लोकायुक्त सज्जन सिंह कोठारी अपनी प|ी के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए और विभिन्न विद्वानों के उपदेश ग्रहण किए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रोतागण मौजूद थे।
कलश यात्रा के साथ मूर्ति स्थापना कार्यक्रम शुरू
भगवतगढ़| ग्राम गिरधरपुरा में ग्रामीणों के सहयोग से गांव के मंदिर के जीर्णोद्धार के बाद प्रतिमा स्थापना का कार्यक्रम पंडित गिरधर सहाय के निर्देशन में कलश यात्रा के साथ रविवार को शुरू हुआ। गांव के ओमप्रकाश मीना ने बताया कि मूर्ति स्थापना कार्यक्रम के तहत रविवार को 151 कलशों के साथ कलश यात्रा निकाली गई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। नाचते गाते श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा में भगवान के भजनों के साथ भाग लिया। कलश यात्रा का स्थान स्थान पर स्वागत किया गया। कलश यात्रा से प्रधान कलश सहित अन्य कलशों की बोली लगाई गई। मूर्ति स्थापना के तहत विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। मूर्ति स्थापना का मुख्य कार्यक्रम 24 मई को होगा। सोमवार को पद दंगल होगा। इसी प्रकार अन्य कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
कृष्ण जन्म के प्रसंग सुनाकर भक्ति रस बरसाया
भगवतगढ़| ग्राम पंचायत जटवाड़ा कलां के ढूंढा गांव के पास चरणक्या दह के बालाजी की बगीची में चल रहे महायज्ञ एवं भागवत कथा में रविवार को कथा वाचक आचार्य माधव लाल ने भगवान कृष्ण के जन्म का प्रसंग सुनाते हुए कृष्ण भक्ति से श्रोताओं को सराबोर किया। कथा में उन्होंने भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं के प्रसंग सुनाकर भक्तों को भगवान के नाम की महिमा का महत्व समझाया। इस मौके पर उन्होंनें भजनों के माध्यम से श्रोताओं को भक्ति रस एवं भजनामृत से भिगोया। कथा श्रवण एवं महायज्ञ में भाग लेने के लिए जटवाड़ा, लोरवाड़ा सहित आसपास के गांवों से सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। कथा एवं यज्ञ के दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। महायज्ञ देवानंद गिरी महाराज के सानिध्य में आयोजित हो रहा है।
कन्हैया दंगल में गायन पार्टियों ने दी धार्मिक प्रस्तुतियां
चकेरी. कन्हैया दंगल में प्रस्तुतियां देती गायन पार्टियां तथा मौजूद श्रोतागण।
चकेरी| भदलाव की झोपड़ी गांव में रविवार को कन्हैया दंगल का आयोजन हुआ, जिसमें चकेरी, भूरी पहाड़ी, उलियाना और नीनोणी गांव की गायन पार्टियों ने भाग लिया। चकेरी की पार्टी द्वारा राजा हरिश्चंद्र की कथा का, नीनोणी की कन्हैया पार्टी द्वारा रानी तारावती की कथा का, उलियाना की पार्टी द्वारा शंकर भगवान की कथा का और भूरी पहाड़ी की कन्हैया पार्टी द्वारा वामन भगवान की कथा का वर्णन किया गया। इसी तरह चकेरी के मेडिया तुलसीराम, मोतीलाल, हरिराम द्वारा नाच गायन करके दर्शकों को मोहित कर दिया। चकेरी के मेडिया कैलाश पटेल द्वारा राजा हरिश्चंद्र की कथा को गायन करके अर्थ सहित प्रस्तुत किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रोतागण मौजूद थे।
कन्हैया दंगल आज : मुरली पहाड़ी गांव में सोमवार को कन्हैया दंगल का आयोजन किया जाएगा। बलराम मीणा पूर्व सरपंच ने बताया कि इसमें झाड़ोदा, महाराजपुरा, भूरी पहाड़ी गांव की गायन पार्टियां भाग लेंगी।